CG Crime News:- मौसी की डांट बनी मौत की वजह! शराब के नशे में भतीजे ने डंडे-लकड़ी से पीटकर उतारा मौत के घाट

CG Crime News:- पुरैना गांव में शराब के नशे में धुत भतीजे ने अपनी 55 वर्षीय मौसी की बेरहमी से पिटाई कर दी। मौसी ने सिर्फ रोज शराब पीने, बेवजह घूमने और देर से घर आने पर उसे डांटा था। गुस्से में आरोपी ने घर में रखी लकड़ी और डंडे से सिर समेत शरीर पर कई वार कर दिए। अस्पताल से हायर सेंटर रेफर महिला को परिजन वापस घर ले आए, जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
कोरबा। मौसी ने भतीजे को डांटा था… वजह भी कोई बड़ी नहीं थी। रोज शराब पीना, बेवजह इधर-उधर घूमना और देर रात घर लौटना। लेकिन यही डांट शराब के नशे में धुत भतीजे के लिए इतनी बड़ी बात बन गई कि रिश्ते की मर्यादा ही टूट गई। गुस्से में उसने अपनी मौसी पर लकड़ी और डंडे से ऐसा हमला किया कि उनकी जान चली गई।
दिल दहला देने वाली यह घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव की है।
रविवार रात घर पहुंचा था आरोपी
आरोप है कि तीरथराम यादव (45) रविवार रात करीब 9 बजे शराब के नशे में घर पहुंचा। घर में उसकी मौसी मोहन कुंवर बाई (55) मौजूद थीं। उन्होंने तीरथराम को शराब पीकर आने, रोज शराब पीने, बेवजह घूमने और देर से घर लौटने को लेकर फटकार लगाई।
बस यही बात तीरथराम को नागवार गुजर गई।
शराब के नशे में उसने आपा खो दिया और घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडे से मौसी के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में महिला लहूलुहान होकर घर में ही गिर पड़ीं। चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।
घर में मौजूद थे पत्नी-बच्चे और बड़ी बहन
घटना के वक्त आरोपी की पत्नी, बच्चे और मृतका की बड़ी बहन भी घर में मौजूद थीं। गंभीर रूप से घायल मोहन कुंवर बाई को परिजन तत्काल सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
हालांकि, परिजन उन्हें बड़े अस्पताल ले जाने के बजाय वापस घर ले आए। कुछ देर बाद ही महिला की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस पुरैना गांव पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और आरोपी तीरथराम यादव को हिरासत में ले लिया।
एक डांट… एक पल का गुस्सा… और उसी घर में रिश्ते का खून हो गया, जहां परिवार के लोग साथ रहते थे।
Live Cricket Info



