जांजगीर-चांपा में क्राइम पर SP का बड़ा एक्शन: हत्या के मामलों में लापरवाही पर मुलमुला-पामगढ़ TI हटाए, 6 पुलिस अफसरों का तबादला

जांजगीर-चांपा। जिले में गंभीर आपराधिक मामलों की जांच में लापरवाही और सुस्ती को लेकर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया है। हत्या से जुड़े मामलों की जांच में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर मुलमुला और पामगढ़ थाना प्रभारियों को हटा दिया गया है। मंगलवार को जारी प्रशासनिक आदेश के तहत निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के 6 पुलिस अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है।
अमित भंडारी हत्याकांड में जांच पर उठे सवाल
मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम कोसा में करीब 62 दिन पहले झाड़ियों में अमित भंडारी का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बावजूद मामले में पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी। लंबे समय तक जांच में ठोस प्रगति नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की है।
उधारी विवाद में नाबालिग की मौत का मामला भी बना वजह
पामगढ़ थाना क्षेत्र में उधारी के पैसे मांगने को लेकर पिता-पुत्र पर प्राणघातक हमला किया गया था। हमले में गंभीर रूप से घायल नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले की जांच की गति को लेकर भी पुलिस प्रशासन संतुष्ट नहीं था।
दोनों मामलों में जांच की स्थिति को देखते हुए एसपी ने थाना प्रभारियों में बदलाव का निर्णय लिया।
इन पुलिस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
तबादला आदेश के अनुसार—
निरीक्षक शिवानंद सिंह को मुलमुला थाना प्रभारी बनाया गया है।
– निरीक्षक पारस पटेल को बम्हनीडीह थाना प्रभारी बनाया गया है। उन्हें एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं बालक विरुद्ध अपराध अनुसंधान शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
– निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी को पामगढ़ थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
– निरीक्षक सावन कुमार सारथी को अजाक थाना प्रभारी बनाया गया है।
– निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे को सारागांव थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
– उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह की पदस्थापना थाना जांजगीर में की गई है।
नए थाना प्रभारियों के सामने बड़ी चुनौती
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। नए थाना प्रभारियों के सामने लंबित गंभीर आपराधिक मामलों की जांच में तेजी लाने के साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की चुनौती होगी।

एसपी की कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि गंभीर अपराधों की जांच में लापरवाही और अनावश्यक देरी को लेकर पुलिस प्रशासन अब सख्त कार्रवाई के मूड में है।
Live Cricket Info



