बिलासपुर ACB की बड़ी ट्रैप कार्रवाई: लालपुर का पटवारी 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

रतनपुर/बिलासपुर। जिले के रतनपुर तहसील क्षेत्र में एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) बिलासपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लालपुर में पदस्थ पटवारी भानु चंद्राकर को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, रतनपुर निवासी अशोक अग्रवाल ने ACB इकाई बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी लालपुर स्थित जमीन का नक्शा बटांकन कराने के लिए करीब एक वर्ष पूर्व तहसीलदार रतनपुर के कार्यालय में आवेदन दिया था। इस पर तहसीलदार द्वारा कार्यवाही हेतु संबंधित पटवारी को निर्देशित किया गया था।
आरोप है कि जब शिकायतकर्ता ने पटवारी भानु चंद्राकर से संपर्क किया तो उनसे कार्य के एवज में 40,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए ACB में शिकायत दर्ज कराई और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने की इच्छा जताई।
सत्यापन में हुआ खुलासा
ACB द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। सत्यापन के दौरान बातचीत और मोलभाव में आरोपी पटवारी ने 25,000 रुपये लेने पर सहमति जताई।
इसके बाद ACB ने ट्रैप की योजना तैयार की।
तहसील कार्यालय में रंगे हाथ गिरफ्तारी
दिनांक 25 जून 2026 को योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत राशि लेकर तहसील कार्यालय रतनपुर भेजा गया। जैसे ही पटवारी भानु चंद्राकर ने शिकायतकर्ता से 25,000 रुपये की रिश्वत राशि ली, ACB की टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मौके से रिश्वत की पूरी राशि 25,000 रुपये बरामद कर ली गई।
कानूनी कार्रवाई
आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ACB की अपील
ACB बिलासपुर के अधिकारियों ने अपील की है कि किसी भी सरकारी विभाग में यदि रिश्वत की मांग की जाती है तो नागरिक तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जा सके।
Live Cricket Info

