Bilaspur News:– जेल हत्या मामले में प्रहरी सस्पेंड, फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, शॉर्ट पीएम में गंभीर हेड इंजरी मिली

बिलासपुर। सेंट्रल जेल में हुई बंदी की हत्या के मामले में प्रारंभिक जांच के बाद डीआईजी ने घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात चक्करदार जेल प्रहरी धरम कोठारी को सस्पेंड कर दिया है। वहीं बुधवार सुबह करीब 7 बजे सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट फोरेंसिक टीम के साथ जांच के लिए सेंट्रल जेल पहुंचे। टीम ने ई-1 बैरक का निरीक्षण कर घटना में इस्तेमाल किया गया कंक्रीट का स्लैब, खून के धब्बे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ली है। टीआई किशोर केंवट ने मामले की शुरुआत से लेकर घटना के बाद तक की पूरी जानकारी जुटाई और संबंधित लोगों से पूछताछ कर आगे भी जांच में सहयोग करने को कहा।
इधर, ज्यूडिशियल इंक्वायरी के तहत दोपहर 12 बजे ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनूप तिग्गा जेल पहुंचे। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और परिजनों की मौजूदगी में फुटेज दिखाने की बात कही, लेकिन परिजनों ने देरी होने का हवाला देते हुए आने से इंकार कर दिया। मजिस्ट्रेट ने सुबह साढ़े 9 बजे से घटना के सभी पहलुओं को लेकर जेल अधीक्षक और ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ की।
सिर में गंभीर चोट की पुष्टि:–
सिम्स में डॉक्टरों की टीम ने मृतक नीलू जगत का पोस्टमार्टम किया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद वे शव लेकर दबनपुर, कोटा रवाना हो गए।
विधायक अटल श्रीवास्तव के साथ कलेक्टोरेट पहुंचे परिजन
घटना से आहत मृतक के परिजन बुधवार दोपहर कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में कलेक्टोरेट पहुंचे। इस दौरान मृतक के दादा नारायण जगत, पिता देवलाल जगत, पत्नी और अन्य परिजन मौजूद रहे। उन्होंने प्रभारी कलेक्टर प्रकाश सर्वे को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए हत्या की निष्पक्ष न्यायिक जांच, परिवार को 50 लाख मुआवजा और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
Live Cricket Info


