अपराधक्राइमछत्तीसगढ़राज्य एवं शहररायगढ़

CG Crime News: IPL फाइनल पर चल रहा था ऑनलाइन सट्टे का बड़ा खेल, पुलिस की रेड पड़ते ही मचा हड़कंप; 32 लाख कैश के साथ सिंडिकेट का भंडाफोड़

ऑपरेशन अंकुशके तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार; तीन अन्य आरोपी फरार, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल भी जब्त

रायगढ़। आईपीएल फाइनल के रोमांच के बीच रायगढ़ में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का बड़ा खेल चल रहा था। मैच की हर गेंद पर दांव लग रहे थे और लाखों रुपये का लेनदेन हो रहा था। लेकिन इससे पहले कि सट्टेबाज अपना हिसाबकिताब पूरा कर पाते, रायगढ़ पुलिस ने ऐसी दबिश दी कि पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और नोट गिनने की मशीन जब्त की है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

GT Vs RCB मैच पर लग रहे थे लाखों के दांव

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खरसिया के गंज बाजार क्षेत्र में आईपीएल फाइनल GT Vs RCB मैच की हारजीत पर बड़े पैमाने पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

गंज बाजार में दबिश, दो सटोरिये गिरफ्तार

संयुक्त टीम ने गंज बाजार क्षेत्र में एक साथ दबिश देकर गगन अग्रवाल और शुभम अग्रवाल उर्फ कालू को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने की बात स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि स्थानीय लोगों से नकद रकम लेकर ऑनलाइन सट्टा खिलाया जाता था। पूछताछ में उन्होंने रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क को संचालित करने की जानकारी दी।

मोबाइल से मिले सट्टेबाजी के सबूत

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक वनप्लस नॉर्ड और एक सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि इन मोबाइलों में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़ी आईडी और अन्य तकनीकी साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस पहुंची तो बैग छोड़कर भाग गया आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गोपाल राइस मिल कॉलोनी में आरोपी साहिल अग्रवाल के घर पहुंची। पुलिस के अनुसार वाहन को देखते ही साहिल अग्रवाल दो बैग और नोट गिनने की मशीन छोड़कर मौके से फरार हो गया।इसके बाद पुलिस ने उसके पिता मुकेश अग्रवाल और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों बैगों की तलाशी ली।

  अमित जोश को मदद करने वाला उसका एक और साथी गिरफ्तार

बैगों से निकले 31.99 लाख रुपये

तलाशी के दौरान बैगों से 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों में 31 लाख 99 हजार 700 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इतनी बड़ी रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं की जा सकी।

गिरफ्तार आरोपियों के मेमोरेंडम और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने राशि को क्रिकेट सट्टे से जुड़ी रकम मानते हुए जब्त कर लिया।

संगठित गिरोह बनाकर चल रहा था कारोबार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी संगठित गिरोह बनाकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे थे। आरोप है कि साहिल अग्रवाल सट्टे से प्राप्त रकम को अपने व्यवसाय में खपाकर कमीशन के रूप में लाभ कमाता था।

मामले में गगन अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, रिकेश राय, अर्जुन राठौर और साहिल अग्रवाल के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पहले भी सट्टे के मामले में सामने चुका है नाम

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गगन अग्रवाल का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। इसी वर्ष मार्च महीने में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टे के एक मामले में उसके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

एसएसपी का सख्त संदेश

कार्रवाई के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। सट्टा कारोबार से जुड़े प्रत्येक आरोपी के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई नंद कुमार सारथी, ज्योत्सना शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक रेणु मंडावी, प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर सहित साइबर थाना और खरसिया पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Kanha Tiwari

छत्तीसगढ़ के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से लोक जन-आवाज को सशक्त बनाते हुए पत्रकारिता की अगुआई की है।

Related Articles

Back to top button