
CG News:- बच्चों को घर छोड़ने जा रही स्कूल बस को बीच सड़क पर रोककर चालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुरानी रंजिश में हुई इस वारदात में शामिल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है।
धमतरी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में थाना कुरूद पुलिस ने बस चालक पर हुए चाकूबाजी के मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल कुरूद की स्कूल बस बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने बस को रोक लिया। दोनों ने बस चालक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू किया, अश्लील गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कुरूद पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(2), 126(2), 118(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और गवाहों के बयान के आधार पर रोहन साहू, पिता सुरेन्द्र साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी मोंगरा थाना कुरूद, हाल पता अमृत विहार कॉलोनी, कुरूद, जिला धमतरी को विधिवत गिरफ्तार किया।
मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और धारदार हथियार बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी रोहन साहू को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें। हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Live Cricket Info

