CG Crime News :-आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना पहुंची पुलिस टीम पर गांव वालों का हमला, थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल, पुलिस गाड़ियां भी तोड़ी गई

CG Crime News :-अवैध शराब मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान ग्राम पचरी में हालात बेकाबू हो गए। पुलिस टीम पर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद 9 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार बताए जा रहे हैं।
Mahasamund Police Attack महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरी में अवैध शराब से जुड़े एक मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान हालात बेकाबू हो गए। पुलिस कार्रवाई के बीच ग्रामीणों और आरोपियों के परिजनों ने टीम पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
गिरफ्तारी के दौरान अचानक हिंसा भड़की
जानकारी के अनुसार, पटेवा थाना में दर्ज आबकारी एक्ट के एक मामले में फरार आरोपी विजय मारकंडेय और विनोद मारकंडेय की तलाश में पुलिस टीम 11 अप्रैल 2026 को ग्राम पचरी पहुंची थी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और उन्हें वाहन में बैठाने की प्रक्रिया शुरू की, तभी स्थिति अचानक बिगड़ गई।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान दोनों आरोपियों ने विरोध शुरू कर दिया और मौके पर मौजूद परिजनों एवं आसपास के लोगों को भड़काने लगे।
लाठी–डंडों और ईंट–पत्थरों से हमला
कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए और लाठी–डंडे, लोहे की रॉड तथा ईंट–पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी उत्तम तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, गले और सीने में चोटें आई हैं। इसके अलावा महिला आरक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
पुलिस वाहन को भी बनाया निशाना
हिंसक भीड़ ने पुलिस की कार्रवाई को रोकने के लिए हाईवे पेट्रोलिंग वाहन समेत पुलिस गाड़ियों पर भी हमला किया और उनके शीशे तोड़ दिए। इस दौरान आरोपियों के परिजनों ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास भी किया, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
भीड़ के उग्र होने के बावजूद पुलिस टीम ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों मुख्य आरोपियों को सुरक्षित थाना पटेवा पहुंचाया।
9 गिरफ्तार, 3 आरोपी फरार
घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल 9 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में 6 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, 3 अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने इस पूरे प्रकरण में मुख्य आरोपी विजय मारकंडेय और विनोद मारकंडेय सहित उनके परिजनों एवं अन्य ग्रामीणों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर जानलेवा हमला करने और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।

Live Cricket Info
