Surajpur News:– कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान तोड़फोड़, एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज

Surajpur News:– जिले में बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की मांग को लेकर ABVP कार्यकर्ता लगातार विरोध दर्ज करा रहे थे। इसी क्रम में हुए कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा नारेबाजी के साथ तोड़फोड़ किए जाने के आरोप में जिला शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है।
सूरजपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में हुई तोड़फोड़ की घटना को लेकर पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपराधिक मामला पंजीबद्ध किया है। जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से मिली लिखित शिकायत के आधार पर एक नामजद और करीब 50 अज्ञात प्रदर्शनकारियों को आरोपी बनाया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पूरा विवाद हंस वाहिनी निजी स्कूल, नारायणपुर से शुरू हुआ, जहां KG-2 के एक छात्र को होमवर्क पूरा न करने पर शिक्षिका ने टी-शर्ट पकड़कर पेड़ पर टांग दिया था। घटना का वीडियो एक ग्रामीण ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद जिलेभर में हड़कंप मच गया। शिक्षिका को तत्काल बर्खास्त कर दिया गया। इधर, हाईकोर्ट ने इसे स्वतः संज्ञान में लेते हुए शिक्षा सचिव से जवाब-तलब किया। कोर्ट की सख्ती के बाद स्कूल की मान्यता रद्द कर दी गई और स्कूल संचालक पर भी FIR दर्ज हो गई है।
इसी मुद्दे को लेकर कल ABVP कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया, जिसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और मेन गेट के सामने लगी ग्रिल को तोड़ दिया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन लगातार हो रही नारेबाजी और उग्र रुख के कारण माहौल बिगड़ता गया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर ABVP कार्यकर्ताओं को गेट से हटाया।
आज जिला शिक्षा अधिकारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। उन पर BNS की धारा 190, 191 तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है।
⸻

