CG News:– ड्यूटी पर जा रहे आरक्षक की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात वाहन की तलाश जारी

CG News:–देर रात हुए एक सड़क दुर्घटना में जीआरपी के एक आरक्षक की जान चली गई। आरक्षक की ड्यूटी ट्रेन में लगी थी और वह रात को घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था। उसी दौरान सड़क पर हुए हादसे में उसकी मौत हो गई।
रायगढ़। शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत होटल अंश के पास हुए दुर्घटना में जीआरपी आरक्षक की मौत हो गई। हादसा देर रात उस वक्त हुआ जब नेतनागर निवासी बलराम साहू, जो जीआरपी में आरक्षक के पद पर थे, ड्यूटी के लिए रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम गईं। दुर्घटना करने वाले वाहन का सुराग अब तक नहीं मिल पाया है और पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है।
बताया गया कि बलराम साहू की रात 1:30 बजे ट्रेन में ड्यूटी थी। वह समय पर पहुंचने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में होटल अंश के पास किसी अंजान वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। रात का समय होने से सड़क पर आवाजाही बेहद कम थी, इसलिए हादसे को किसी ने होते नहीं देखा।
कुछ देर बाद गुजर रहे एक राहगीर ने उन्हें घायल अवस्था में पाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। उस वक्त एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी, जिसके कारण स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो के जरिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच कर बताया कि आरक्षक की मौत हो चुकी है।
इधर, कोतवाली पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
दुर्घटना ने एक बार फिर रात के समय सड़क सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की कमजोरियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


