CG News:-NEET पर बवाल: केंद्रीय मंत्री के बंगले की ओर बढ़ी NSUI, पुलिस ने भांजी लाठियां; वाटर कैनन चला, विधायक का फटा कुर्ता,देखिए VIDEO

CG News: NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक को लेकर बिलासपुर में बुधवार को राजनीतिक पारा अचानक चढ़ गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री और बिलासपुर सांसद तोखन साहू के निवास का घेराव करने की कोशिश की। लेकिन मंत्री आवास तक पहुंचने से पहले ही पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जबरदस्त टकराव हो गया। हालात ऐसे बने कि पुलिस को भीड़ को रोकने के लिए पहले वाटर कैनन और बाद में लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता भी फट गया।
मंत्री आवास की ओर बढ़ रही थी भीड़, पुलिस ने रोका रास्ता
बिलासपुर। NEET पेपर लीक मामले को लेकर NSUI ने शहर में बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था। प्रदर्शनकारी केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के बंगले का घेराव करने निकले थे। पुलिस प्रशासन ने पहले से ही मंत्री आवास के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर रखी थी। जगह–जगह बैरिकेड्स लगाए गए थे और बड़ी संख्या में पुलिस जवानों के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।
जैसे ही कार्यकर्ताओं ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद नारेबाजी, धक्का-मुक्की और झड़प का दौर शुरू हो गया।
वाटर कैनन के बाद चला डंडा
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता लगातार बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो लाठीचार्ज कर दिया गया। लाठीचार्ज के दौरान प्रदर्शनकारी इधर–उधर भागते नजर आए। कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मौके से हिरासत में भी लिया।
झड़प के बीच फटा देवेंद्र यादव का कुर्ता
प्रदर्शन में शामिल भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी कार्यकर्ताओं के साथ अग्रिम पंक्ति में मौजूद थे। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई धक्का–मुक्की के दौरान उनका कुर्ता फट गया। इस घटना के बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए और तेज नारेबाजी शुरू कर दी।
कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़े कार्यकर्ता, फिर बढ़ा तनाव
प्रदर्शन समाप्त होने से पहले NSUI नेता और कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसके बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर हिरासत में लिया और अलग–अलग थानों में भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी निर्धारित सीमा से आगे बढ़ने और यातायात प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे, जिसके चलते कार्रवाई करनी पड़ी।
भाजपा विधायक का कांग्रेस पर हमला
घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने कांग्रेस और यूथ कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग आज नैतिकता और पारदर्शिता की बात कर रहे हैं, उनकी सरकार के पांच साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के कई मामले सामने आए थे। उन्होंने यूथ कांग्रेस को “गुंडों की टोली” बताते हुए प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी करार दिया।
छात्रों के भविष्य का मुद्दा बताकर किया प्रदर्शन
NSUI और कांग्रेस नेताओं का कहना है कि NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। इसी वजह से केंद्र सरकार की जवाबदेही तय करने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर यह आंदोलन किया गया।
कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया
प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ने पर पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। बसों में बैठाकर उन्हें अलग–अलग थानों की ओर ले जाया गया। पुलिस कार्रवाई के बाद भी कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी रखा।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का–मुक्की
सबसे ज्यादा तनाव उस वक्त देखने को मिला जब प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर धक्का–मुक्की हुई। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
प्रदर्शन के चलते बदला गया ट्रैफिक रूट
आंदोलन को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया। महामाया चौक की तरफ से आने वाले वाहन सीपत चौक, रिवर व्यू और छत्तीसगढ़ भवन रोड से डायवर्ट किए गए।मुंगेली नाका से नेहरू चौक जाने वाले वाहन वेयर हाउस, स्मार्ट रोड और आई कार्यालय रोड से निकाले गए।
देवकीनंदन चौक से आने वाले लोगों को वृहस्पति बाजार, राजेंद्र नगर और तहसील कार्यालय मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई। रायपुर रोड से उसलापुर जाने वाले वाहन तिफरा, घुरू, महाराणा प्रताप चौक और ओम नगर मार्ग से भेजे गए। सिंधी कॉलोनी और नेहरू नगर क्षेत्र से आने वालों को नेहरू चौक की बजाय वृहस्पति बाजार मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा गया।
वहीं सीपत, रतनपुर, रायपुर समेत चारों दिशाओं से आने वाले भारी वाहनों को बाइपास मार्ग से डायवर्ट किया गया।
NEET पेपर लीक के विरोध में शुरू हुआ यह प्रदर्शन देखते ही देखते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Live Cricket Info


