CG Housing Board Colony : – हसदेव विहार कॉलोनी नगर पालिका के हवाले, मंत्रिपरिषद के फैसले का भाजपा नेता प्रशांत ठाकुर ने किया स्वागत

CG Housing Board Colony: – वर्षों पुरानी मांग को मिली मंजूरी 20 साल पहले विकसित हुई थी हसदेव विहार कॉलोनी हस्तांतरण न होने से शरणार्थी जैसी स्थिति पूर्ववर्ती सरकार में आई प्रशासनिक अड़चनें, उपमुख्यमंत्री अरुण साव के हस्तक्षेप से मिला समाधान मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया अहम फैसला
भाजपा नेता प्रशांत सिंह ठाकुर ने जताया आभार नगर पालिका के अधीन आने से विकास कार्यों को मिलेगी गति
जांजगीर।छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा विकसित हसदेव विहार (हाउसिंग बोर्ड) कॉलोनी को लेकर वर्षों से चली आ रही अनिश्चितता अब समाप्त होने जा रही है। राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में लिए गए अहम निर्णय के बाद यह कॉलोनी अब नगर पालिका के नियंत्रण में होगी। शासन के इस फैसले से कॉलोनीवासियों को बड़ी राहत मिली है और पूरे क्षेत्र में इसे लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर जिला पंचायत रोड स्थित हसदेव विहार कॉलोनी का निर्माण लगभग 20 वर्ष पूर्व छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा किया गया था। नियमानुसार कॉलोनी निर्माण पूर्ण होने के बाद इसका हस्तांतरण स्थानीय नगरीय निकाय को किया जाना था, लेकिन वर्षों तक यह प्रक्रिया लंबित रही।
हस्तांतरण न होने से बिगड़ी व्यवस्था
हस्तांतरण नहीं होने के कारण कॉलोनी में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास प्रभावित रहा। विकास कार्यों की जिम्मेदारी न तो गृह निर्माण मंडल ने स्पष्ट रूप से निभाई और न ही नगर पालिका को अधिकार मिल सका। इससे रहवासियों की स्थिति शरणार्थी शिविर जैसी हो गई और नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार भटकना पड़ा।
बताया जा रहा है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कॉलोनी हस्तांतरण प्रक्रिया में कई प्रशासनिक अड़चनें डाली गईं, जिससे मामला और अधिक उलझता चला गया।
मंत्रिपरिषद में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय
इस विषय को अक्टूबर माह में जांजगीर प्रवास के दौरान कॉलोनीवासियों ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के समक्ष रखा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके प्रयासों से मंत्रिपरिषद की बैठक में कॉलोनी को नगर पालिका को सौंपने का निर्णय लिया गया।
भाजपा नेता ने जताया आभार
राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए भाजपा नेता प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि यह फैसला वर्षों से उपेक्षित कॉलोनीवासियों के हित में लिया गया ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, निर्णय के प्रमुख सूत्रधार उपमुख्यमंत्री अरुण साव, तथा वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
निर्णय के बाद हसदेव विहार कॉलोनी में अब सुनियोजित विकास कार्यों के शुरू होने की उम्मीद जगी है, जिससे नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध रूप से मिल सकेंगी।

Live Cricket Info
