Bilaspur News : -शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से अड्डेबाजी और नशाखोरी, डीआईजी रजनेश सिंह दफ्तर में बैठे खुद कर रहे निगरानी,

Bilaspur News : – बिलासपुर। शहर की गलियों में जो गतिविधियां अब तक पुलिस की गश्त से छूट जाया करती थीं, वे अब आसमान से साफ दिखाई दे रही हैं। नशे की पुड़िया, अड्डेबाजी के कोने और शाम ढलते ही जुटने वाली भीड़—अब सब पर ड्रोन की नजर है। इस निगरानी को दफ्तर में बैठकर खुद डीआईजी रजनेश सिंह देख रहे हैं और उसी के आधार पर पुलिस टीमों को तुरंत मौके पर भेजा जा रहा है।
निगरानी अब सड़कों तक सीमित नहीं
Bilaspur Crime News: – बिलासपुर पुलिस ने शहर के साथ–साथ ग्रामीण इलाकों में भी ड्रोन कैमरों से निगरानी शुरू की है। उन स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां खुलेआम नशाखोरी होती रही है, नशेड़ियों और बदमाशों का जमावड़ा लगता है और असामाजिक गतिविधियों की लगातार शिकायतें मिलती रही हैं। ड्रोन से मिलने वाली लाइव फुटेज और रिकॉर्डिंग सीधे कार्यालय में मॉनिटर की जा रही है।
जहां पुलिस देर से पहुंचती थी, वहां अब ड्रोन पहले पहुंच रहा है
बताया जा रहा है कि यह ड्रोन लगभग 8 से 10 किलोमीटर के दायरे को कवर करता है। इसका फायदा यह हुआ है कि अब उन इलाकों पर भी नजर रखी जा रही है, जहां सामान्य पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान पहुंचने में समय लग जाता था। तकनीक ने दूरी कम की है और निगरानी को मजबूत किया है।
ड्रोन की तस्वीर, मौके पर पुलिस की कार्रवाई
ड्रोन से मिले इनपुट के आधार पर अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है। सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वाले हों या अड्डेबाजी करने वाले युवक—पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप किया। कई मामलों में पुलिस की अचानक मौजूदगी से ही माहौल शांत हो गया।
डर नहीं, सुरक्षा का संदेश
डीआईजी रजनेश सिंह का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य दहशत पैदा करना नहीं, बल्कि शहर को सुरक्षित बनाना है। आधुनिक तकनीक के जरिए पुलिस यह सुनिश्चित करना चाहती है कि शहर का कोई भी कोना निगरानी से बाहर न रहे और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करें।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगा दायरा
डीआईजी रजनेश सिंह ने बताया की आने वाले समय में ड्रोन निगरानी का दायरा और बढ़ाया जाएगा, ताकि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों अन्य संवेदनशील इलाकों को भी इसमें शामिल किया जा सके। यह संकेत है कि अब कानून सिर्फ सड़कों पर नहीं, बल्कि आसमान से भी शहर की सुरक्षा में अपनी भूमिका निभा रहा है।

Live Cricket Info

