CG Crime News:- फर्जी पुलिस बनकर वृद्धा से सोने की माला झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चंद घंटों में पुलिस ने किया खुलासा

CG Crime News:- खुद को पुलिसकर्मी बताकर आधार कार्ड जांच के बहाने वृद्ध महिला से सोने की माला झपटने की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई माला और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी समेत करीब 1.35 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
Raigarh रायगढ़। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर वृद्ध महिला से सोने की माला झपटने की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की माला तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर जप्त की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया की ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद ने थाना चक्रधरनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए मां मंगला कंपनी की बस से निकली थीं। सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड की ओर जा रही थीं।
इसी दौरान लाल रंग की स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561 में सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी दुर्घटना के संबंध में पूछताछ करने लगे। आरोपियों ने आधार कार्ड दिखाने को कहा और इसी दौरान एक आरोपी ने वृद्धा के गले में पहनी सोने की माला झपट ली। इसके बाद दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने तत्काल नाकेबंदी कराई और पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चमार सिंह यादव (55 वर्ष) निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़ तथा रामकुमार नायक (40 वर्ष) निवासी मधुवन पारा रायगढ़ को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उनके कब्जे से 14 नग सोने की फोकली, एक सोने का पदक और काले मोती लगी सोने की माला (कीमत लगभग 85 हजार रुपये) तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी (कीमत लगभग 50 हजार रुपये) बरामद की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि झपटमारी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर पुलिस की कड़ी नजर है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Live Cricket Info


