कोरबाछत्तीसगढ़देश - विदेशराज्य एवं शहरहादसा

Korba Accident: कोयले से भरा ट्रेलर पलटा, बाइक सवार तीन की दर्दनाक मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Korba Accident: – कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर बाइक पर पलट गया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे और सड़क सुरक्षा उपायों की मांग की।

Korba कोरबा, 18 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पाली क्षेत्र के ग्राम नुनेरा के पास कोयला से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसकी चपेट में आकर बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

जानकारी के मुताबिक दीपका से पाली की ओर जा रहा कोयला लोड ट्रेलर तेज रफ्तार में था। इसी दौरान सामने से रही एक बाइक को ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। संतुलन बिगड़ने के बाद ट्रेलर सड़क पर पलट गया और उसमें भरा कोयला बाइक सवारों पर गिर गया। भारी वाहन और कोयले के नीचे दबने से तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

तीनों मृतक पोटापानी गांव के निवासी

हादसे में मृतकों की पहचान ओम प्रकाश (30 वर्ष), बृजपाल सिंह (25 वर्ष) और मंगल सिंह (50 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों कोरबा जिले के पोटापानी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

  मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंदों को मच्छरदानी वितरण,मदिर ट्रस्ट व समाजसेवी संस्थाएं दे रहे सहयोग

हाइड्रा मशीन से हटाया गया कोयला

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रेलर के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। मशीन के जरिए ट्रेलर के आसपास जमा कोयला हटाकर शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में जांच शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश की जा रही है।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर चक्काजाम

दर्दनाक हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और सड़क पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए।

इसके अलावा ग्रामीणों ने डूमरकछार से दीपका तक सड़क पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, स्पीड ब्रेकर बनाने और अधिकतम गति सीमा 40 किमी प्रति घंटा निर्धारित करने की मांग भी उठाई।

सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है और तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Kanha Tiwari

छत्तीसगढ़ के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से लोक जन-आवाज को सशक्त बनाते हुए पत्रकारिता की अगुआई की है।

Related Articles

Back to top button