CG News:- ऑनलाइन गेमिंग का कर्ज बना जाल… हॉस्टल से गायब हुआ छात्र नागपुर से बरामद,पुलिस की टेक्निकल ट्रैकिंग से खुला राज, बिहार के गया निवासी छात्र सुरक्षित मिला

CG News:- ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बी-फार्मेसी छात्र को कर्ज के दलदल में धकेल दिया। डर इतना बढ़ा कि वह अचानक हॉस्टल छोड़कर गायब हो गया। पुलिस ने दमोह, मथुरा और वृंदावन तक तलाश की। तकनीकी साक्ष्यों से आखिरकार लोकेशन नागपुर में मिली।कोटा पुलिस ने वहां से छात्र को सुरक्षित बरामद किया।पूछताछ के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
Bilaspur बिलासपुर। ऑनलाइन गेमिंग की लत और लगातार बढ़ते कर्ज ने एक होनहार छात्र को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया कि वह हॉस्टल से ही गायब हो गया। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब कोटा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे महाराष्ट्र के नागपुर से सुरक्षित बरामद कर लिया।
पूरा मामला डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय का है, जहां बिहार के गया निवासी 20 वर्षीय रोहित कुमार बी-फार्मेसी चतुर्थ सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहा था। 6 मार्च 2026 को वह अचानक हॉस्टल से लापता हो गया। अगले दिन 7 मार्च को गुमशुदगी दर्ज होते ही मामला पुलिस के पास पहुंचा।
SSP के निर्देश पर शुरू हुआ ‘मिशन ट्रेस’
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कोटा पुलिस ने इस केस को गंभीरता से लेते हुए गुम इंसान तलाश अभियान शुरू किया। बैंक डिटेल्स खंगाले गए, कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाले गए और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई।
इसी बीच पुलिस टीम ने दमोह, मथुरा और वृंदावन तक भी संभावित लोकेशन पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिला।
टेक्निकल सर्विलांस ने खोला ‘नागपुर लिंक’
लगातार चल रही तकनीकी निगरानी के बाद 25 अप्रैल को पुलिस को बड़ा इनपुट मिला—छात्र की लोकेशन महाराष्ट्र के नागपुर में ट्रेस हुई। बिना देर किए कोटा पुलिस टीम नागपुर रवाना हुई और 26 अप्रैल को रोहित कुमार को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया चौंकाने वाला सच
पुलिस पूछताछ में छात्र ने जो बताया, उसने पूरे मामले की दिशा ही बदल दी। रोहित ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन गेमिंग की लत में फंस चुका था। गेम खेलने के लिए उसने कई लोगों से कर्ज लिया था, लेकिन लगातार हारता गया।
कर्ज बढ़ता गया और डर भी… पिता को पता चलने का खौफ इतना बढ़ा कि उसने बिना बताए हॉस्टल छोड़ दिया और पहचान छिपाकर अलग-अलग जगहों पर घूमता रहा।
परिजनों को सौंपा गया छात्र
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और बयान दर्ज करने के बाद छात्र को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।

Live Cricket Info
