
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए जंगल के भीतर चल रहे ‘कच्ची महुआ शराब’ के धंधे का पर्दाफाश किया है। प्रशिक्षु आईपीएस और थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में की गई इस रेड में पुलिस ने 152 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 30,400 रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना, फिर सीधी कार्रवाई
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम भरदैयाडीह के जंगल में बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी। जंगल के भीतर चल रही इस गतिविधि के बीच पुलिस ने आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया।
रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
कार्रवाई के दौरान बहोरिक राम धनवार (55 वर्ष), निवासी भरदैयाडीह, थाना रतनपुर को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। मौके से न सिर्फ बड़ी मात्रा में तैयार महुआ शराब मिली, बल्कि शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए, जो इस पूरे अवैध नेटवर्क की पुष्टि करते हैं।
आबकारी एक्ट के तहत सीधी जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था और स्थानीय स्तर पर सप्लाई भी कर रहा था।
ऊपर से सख्त निर्देश, नीचे ताबड़तोड़ एक्शन
जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई के लिए एसएसपी रजनेश सिंह (IPS) ने स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं। इसी कड़ी में यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई।
टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस ऑपरेशन को सफल बनाने में थाना प्रभारी अंशिका जैन के साथ
प्र.आर. सैय्यद अकबर अली, आरक्षक संजय यादव, शशिकांत कौशिक और लेखपाल खुसरो की सक्रिय भूमिका रही।
साफ संकेत—अब नहीं बचेगा कोई कोचिया
रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के लिए अब कोई जगह नहीं बची है। पुलिस का अभियान लगातार जारी है और आने वाले दिनों में ऐसे धंधेबाजों पर और कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
Live Cricket Info


