CG Breaking News: 300 किलो गांजा, डबल नंबर प्लेट और 1.86 करोड़ की जब्ती… रायगढ़ पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय तस्करी का बड़ा नेटवर्क

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश भेजी जा रही करीब 300 किलो गांजा की खेप पकड़ते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा, दो लग्जरी वाहन और पांच मोबाइल फोन समेत करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक तस्कर उड़ीसा के सोनपुर से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर जा रहे थे। सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस ने कटकलिया मार्ग पर घेराबंदी कर एक इनोवा क्रिस्टा और मारुति सुजुकी XL-6 को रोका। जांच के दौरान इनोवा में एक साथ दो नंबर प्लेट लगी मिलीं, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।
तलाशी में दोनों वाहनों से लगभग 300 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने परिवहन में इस्तेमाल की गई दोनों कारें और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा की खेप मध्यप्रदेश के अनूपपुर में उनके सहयोगियों तक पहुंचाई जानी थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। वहीं पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम मध्यप्रदेश रवाना कर दी गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Live Cricket Info



