लायंस क्लब उत्कर्ष 3233 C का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न: डॉ. आरती पांडे बनीं अध्यक्ष, डॉ. रश्मि जितपुरे सचिव, नई टीम ने ली सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने की शपथ

बिलासपुर। लायंस क्लब उत्कर्ष 3233 C का शपथ ग्रहण समारोह एक निजी होटल में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मेल्विन जोन्स के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रीति पाल बाली रहीं। उन्होंने लायंस क्लब से जुड़ने और समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब हम सेवा कार्यों से जुड़ते हैं तो हमारा शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास होता है। सेवा के माध्यम से हमारा दायरा बढ़ता है और लोगों की दुआएं जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में हमेशा मानवता के क्षेत्र से जुड़े रहना चाहिए।
नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
शपथ अधिकारी रीजन चेयरपर्सन लायन शैलेश बाजपेयी ने लायंस क्लब उत्कर्ष की नई टीम और नए सदस्यों को शपथ दिलाई। वहीं जोन चेयरपर्सन लायन डॉ. हर्ष पांडे ने क्लब के नए प्रोजेक्ट और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
पूर्व अध्यक्ष लायन शकुंतला जितपुरे ने अपने कार्यकाल में किए गए सेवा कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
डॉ. आरती पांडे बनीं अध्यक्ष, डॉ. रश्मि जितपुरे को मिली सचिव की जिम्मेदारी
शपथ ग्रहण समारोह में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अध्यक्ष लायन डॉ. आरती पांडे और सचिव लायन डॉ. रश्मि जितपुरे को चुना गया।
नई टीम में रश्मि गुप्ता सहसचिव, रेखा अग्रवाल कोषाध्यक्ष, ट्विंकल आडवाणी प्रथम उपाध्यक्ष और हेमलता ठाकुर द्वितीय उपाध्यक्ष बनीं।
इसके अलावा श्रुति अग्रवाल को टेमर, भारती तिवारी को टेल ट्विस्टर, वीना अग्रवाल को क्लब एडमिनिस्ट्रेटर, सुधा मरदा को एलसीआईएफ कॉर्डिनेटर और डॉ. शकुंतला जितपुरे को सर्विस चेयरपर्सन की जिम्मेदारी दी गई।
स्वास्थ्य जागरूकता और युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस
नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. आरती पांडे ने अध्यक्षीय उद्बोधन में इस वर्ष के डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट “सरबत दा भला” पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि क्लब के माध्यम से समाज सेवा के कार्यों को और मजबूती दी जाए।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्वास्थ्य जागरूकता को प्राथमिकता दी जाएगी। विशेष रूप से युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर “आयुष्मान” नाम से प्रोजेक्ट चलाया जाएगा, जिसके जरिए जागरूकता अभियान संचालित किए जाएंगे।
ध्वज वंदना और संचालन रहा आकर्षण
कार्यक्रम में ध्वज वंदना कुसुम सोमानी द्वारा प्रस्तुत की गई। वहीं डॉ. रश्मि गुप्ता ने मुख्य अतिथि प्रीति पाल बाली के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन लायन डॉ. रश्मि जितपुरे ने किया। समारोह का संचालन लायन सुधा मरदा और लायन ट्विंकल आडवाणी ने किया। राष्ट्रगान के पश्चात कार्यक्रम का समापन हुआ।

Live Cricket Info
