CG शॉर्टकट के चक्कर में मौत,खड़ी मालगाड़ी के नीचे ट्रैक पार कर रहा था अधेड़,सिग्नल मिलते ही चल पड़ी ट्रेन।शिनाख्त नहीं, GRP पुलिस नें की पहचान की अपील।



GPM :पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। व्यक्ति खड़ी मालगाड़ी के नीचे से रेंगकर पटरी पार करने की कोशिश कर रहा था तभी अचानक ट्रेन चल पड़ी और वह पहियों की चपेट में आ गया।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे कर्मचारियों के अनुसार पेंड्रारोड स्टेशन के ट्रैक पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। इसी दौरान उक्त व्यक्ति शॉर्टकट अपनाने के चक्कर में मालगाड़ी के डिब्बों के नीचे से होकर पटरी पार कर रहा था। तभी अचानक ट्रेन को ग्रीन सिग्नल मिला और वह आगे बढ़ गई। व्यक्ति को संभलने का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पहचान नहीं हो पाई
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे राजकीय पुलिस (GRP) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
GRP के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष है। हादसे के वक्त उसने नीले रंग के कपड़े पहने हुए थे। तलाशी में कोई मोबाइल फोन, दस्तावेज या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है।
GRP की अपील
शव की पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। GRP ने आम जनता से अपील की है कि यदि इस हुलिये के, नीले कपड़े पहने 55 साल के किसी लापता बुजुर्ग के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पेंड्रारोड जीआरपी थाने में संपर्क करें।
रेलवे की चेतावनी
रेलवे अधिकारियों ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि खड़ी ट्रेन के नीचे से या अवैध तरीके से पटरी पार न करें। ओवरब्रिज या अंडरपास का ही उपयोग करें। एक पल की जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है।



Live Cricket Info




