CG News: बारिश के बीच बिगड़ी बिजली व्यवस्था पर नागरिक मंच सक्रिय, अधीक्षण यंत्री से मिलकर उठाईं प्रमुख समस्याएं

जांजगीर- लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में बिजली आपूर्ति बाधित होने और फ्यूज कॉल व्यवस्था में आ रही समस्याओं को लेकर नागरिक मंच के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधीक्षण यंत्री अमर चौधरी से मुलाकात कर समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से शहर में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। विशेष रूप से पिछले तीन दिनों की बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई है। वहीं फ्यूज कॉल व्यवस्था भी लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं कर पा रही है।
मुलाकात के दौरान अधीक्षण यंत्री अमर चौधरी ने बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारणों की जानकारी दी और प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए सुझावों पर सहमति जताई। इस दौरान फ्यूज कॉल के ठेकेदार से भी चर्चा की गई, जिन्होंने व्यवस्था में सुधार के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पेड़ों की समय पर छंटाई कर बिजली लाइनों में आने वाली बाधाओं को दूर किया जाए, फ्यूज कॉल शिकायतों पर जवाबदेही तय की जाए, संबंधित ठेका कंपनी के साथ नियमित समीक्षा की जाए तथा शहर के जिम्मेदार अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए जाएं।
प्रतिनिधिमंडल में प्रशांत सिंह ठाकुर, अनुराग तिवारी, पंकज अग्रवाल और अनिल शर्मा शामिल रहे।
Live Cricket Info


