
रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने 64 निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) के तबादले का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में रायपुर, दुर्ग, बस्तर, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, मरवाही समेत कई जिलों के निरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के जिलों में पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में निरीक्षकों की नई पदस्थापना की गई है। वहीं मैदानी जिलों से कई अधिकारियों को बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, कोंडागांव और नारायणपुर भेजा गया है।
तबादला सूची के अनुसार बस्तर जिले से पांच निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें तारिक हरीश को दुर्ग, सुरेश जांगड़े को राजनांदगांव, शिवानंद सिंह को जांजगीर-चांपा, रावे बैगा को बलौदाबाजार तथा संजय खेस्स को रायपुर नगरिय भेजा गया है।
वहीं रायपुर नगरिय से मेखलाल चंदनकर, अजीत राजपूत, सचिन सिंह, हितेश ठाकुर और रितेश मिश्रा को बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव में नई जिम्मेदारी दी गई है।
इसी तरह दुर्ग जिले से अम्बर भारद्वाज, रामेन्द्र सिंह, राजेश साहू, श्रद्धा पाठक, वंदिता पानोकर और आनंद शुक्ला का तबादला कर उन्हें कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा और बीजापुर जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा सागर पाठक को जांजगीर-चांपा से बस्तर, अंजना केरकेट्टा को मरवाही से बस्तर तथा भुनेश्वरी साहू को कबीरधाम से बस्तर स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस मुख्यालय के इस आदेश के बाद संबंधित निरीक्षकों को तत्काल नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से विशेष रूप से बस्तर संभाग में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।




Live Cricket Info



