CG News : तेज रफ्तार का कहर,भीषण दर्दनाक सड़क हादसे में पिता पुत्र की मौत माँ गंभीर रूप से घायल।

GPM :पेंड्रा में फिर दिखा रफ्तार का कहर: कोयले से भरे ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को मारी टक्कर, पिता पुत्र की मौके पर मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल।पेंड्रा के राय पेट्रोल पंप के पास हुआ दर्दनाक हादसा, ग्रामीणों ने ट्रेलर रोककर चालक को पुलिस के हवाले किया ; लगातार हो रहे हादसों के बीच पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग फिर हुई तेज। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा नगर में एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। राय पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर कोयले से भरे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार कुड़कई निवासी पिता तेरस भरिया 35वर्ष , पुत्र राजू भरिया 14 वर्ष की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गुड्डी भरिया गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर की टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल पेंड्रा पहुंचाया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने स्कूटी चला रहे व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी और मासूम बच्चे का इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक और घायल पेंड्रा विकासखंड के कुडकई गांव के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि परिवार स्कूटी से गांव से पेंड्रा की ओर आ रहा था। इसी दौरान सामने से एक अन्य भारी वाहन आ रहा था और उसी समय कोयले से भरा ट्रेलर ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान स्कूटी ट्रेलर की चपेट में आ गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर ट्रेलर को शिशु मंदिर के पास रोक लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के चलते कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कराया।
लगातार हादसों ने फिर उठाया पेंड्रा बाईपास का मुद्दा
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब पेंड्रा नगर में भारी वाहनों की आवाजाही और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर जनआंदोलन चल रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में स्वीकृत 13 किलोमीटर लंबे पेंड्रा बाईपास का निर्माण आज तक शुरू नहीं हो सका है। इसके कारण प्रतिदिन कोयला, सीमेंट और अन्य भारी मालवाहक वाहन नगर के मुख्य मार्ग से गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
इन्हीं दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने स्वीकृत पेंड्रा बाईपास के निर्माण की मांग को लेकर जनआंदोलन शुरू किया है। जिला प्रेस क्लब के नेतृत्व में पत्रकार क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम पोस्टकार्ड अभियान चलाकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग कर रहे हैं। आंदोलन को विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि संगठनों का लगातार समर्थन मिल रहा है।
पेंड्रा बाईपास का मुद्दा अब छत्तीसगढ़ विधानसभा तक पहुंच चुका है। विधानसभा के वरिष्ठ सदस्य एवं तखतपुर विधायक ठाकुर धरमजीत सिंह ने शून्यकाल में इस विषय को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि स्वीकृत बाईपास का वर्षों तक निर्माण नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। उनका कहना था कि बाईपास निर्माण में हो रही देरी के कारण नगरवासियों को लगातार सड़क दुर्घटनाओं और यातायात की गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
आज का यह हादसा एक बार फिर इस बात की दर्दनाक याद दिलाता है कि पेंड्रा बाईपास अब केवल एक अधोसंरचना परियोजना नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और जीवन बचाने से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। हर गुजरते दिन के साथ बढ़ते हादसे इस निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू किए जाने की आवश्यकता को और अधिक गंभीर बना रहे हैं…



Live Cricket Info




