
वैदिक गुप्ता ने जीता सिल्वर, भाग्यश्री परिहार ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर बढ़ाया स्कूल का मान
बिलासपुर। अचीवर्स पब्लिक स्कूल, गतौरी के खिलाड़ियों ने सीबीएसई जोनल लेवल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। 19 जुलाई से 22 जुलाई तक दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
विद्यालय के स्पोर्ट्स टीचर अरुण दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में विद्यालय की ओर से वैदिक गुप्ता, भाग्यश्री परिहार एवं प्रिंस परिहार ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से विद्यालय की खेल परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
प्रतियोगिता में वैदिक गुप्ता ने अंडर-14 बालक वर्ग (36 किलोग्राम) में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत (सिल्वर) पदक अपने नाम किया। वहीं भाग्यश्री परिहार ने अंडर-17 बालिका वर्ग (35 किलोग्राम) में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रिंस परिहार ने भी प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती प्रीति चौहान, प्राचार्या श्रीमती अंकिता जायसवाल तथा समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार ने विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

Live Cricket Info



