CG News:- बच्चों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर… गुड टच–बैड टच से लेकर साइबर सुरक्षा तक दिया सुरक्षा का मंत्र, स्माइल वेलफेयर फाउंडेशन और सकरी पुलिस का जागरूकता अभियान

बिलासपुर। बच्चों को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से स्माइल वेलफेयर फाउंडेशन एवं सकरी थाना पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में कृष्णा पब्लिक स्कूल, आसमा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाने के साथ-साथ गुड टच–बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत स्माइल वेलफेयर फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष नीरू बिष्ट के संबोधन से हुई। उन्होंने बच्चों को आत्मरक्षा के सरल एवं प्रभावी तरीके सिखाए और बताया कि बदलते समय में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक होना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए समझाया कि यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता है या किसी भी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न होती है तो बच्चे बिल्कुल भी न डरें और तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बच्चों से आत्मविश्वास बनाए रखने और हर परिस्थिति में अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
इसके बाद सकरी थाना के सब-इंस्पेक्टर शेखर वर्मा एवं सब-इंस्पेक्टर सरस्वती मंडावी ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए इंटरनेट का उपयोग पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करना आवश्यक है। अधिकारियों ने बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के महत्वपूर्ण उपाय बताए। साथ ही विद्यार्थियों को इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों या पुलिस को देने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और आत्मरक्षा तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सवाल भी पूछे। विद्यालय प्रबंधन ने स्माइल वेलफेयर फाउंडेशन एवं सकरी थाना पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के सुरक्षित, जागरूक और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Live Cricket Info

