CG Crime News:- शादी से लौट रहे परिवार को कार ने रौंदा… महिला की मौत, दो घायल; ‘जानबूझकर टक्कर’ मारने का आरोपी सीएमओ गिरफ्तार

CG Crime News: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सड़क हादसे के एक सनसनीखेज मामले में जरहागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बरेला में गलत दिशा से तेज रफ्तार कार चलाकर मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के आरोपी सीएमओ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने लापरवाही के साथ-साथ जानबूझकर वाहन चलाते हुए दुर्घटना को अंजाम दिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
Mungeli मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जरहागांव थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क दुर्घटना के आरोपी सीएमओ अमरेश सिंह (58) निवासी महेश्वर कॉलोनी, अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
0 शादी से लौटते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा
पुलिस के मुताबिक, शिक्षकनगर पंडरिया निवासी विश्वनाथ बसोर ने थाना जरहागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 अगस्त 2026 को उनकी भाभी किरण बसोर अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम हरदी शादी समारोह में ऑर्डर का काम पूरा कर लौट रही थीं। ग्राम बरेला मेन रोड पर सड़क पर गाय होने के कारण उन्होंने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल किनारे खड़ी कर दी।
इसी दौरान मुंगेली से बिलासपुर की ओर जा रही स्कोडा कार (क्रमांक CG 15 DN 3866), जिस पर “CMO (UAD) CG Government” लिखा था, तेज रफ्तार और गलत दिशा से आई और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि किरण बसोर और मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
0 जांच में बड़ा खुलासा, ‘जानबूझकर’ टक्कर मारने के मिले साक्ष्य:–
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों, घटनास्थल के निरीक्षण और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी चालक ने जानबूझकर एवं अत्यंत लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुर्घटना कारित की थी।
0 अंबिकापुर से आरोपी गिरफ्तार, कार भी जब्त:–
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी अमरेश सिंह पिता परमानंद (58 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-04, महेश्वर कॉलोनी, गोधनपुर, थाना गांधीनगर, अंबिकापुर को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त स्कोडा कार (CG 15 DN 3866) भी जब्त कर ली गई। आरोपी के खिलाफ थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 110/26 के तहत धारा 281, 125(ए) एवं 105 बीएनएस में कार्रवाई करते हुए 3 अगस्त 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
0 पुलिस की अपील
मुंगेली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सड़क पर किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें, ताकि ऐसी दर्दनाक दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Live Cricket Info



