CG Crime News:- शराब, शक और सनक… 6 महीने के मासूम से छिनी मां, पति ने हंसिया से काटकर की पत्नी की हत्या

CG Crime News:- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शराब के नशे और चरित्र पर शक ने एक परिवार को तबाह कर दिया। कुम्हारी थाना क्षेत्र के महामायापारा में पति ने अपनी ही पत्नी पर हंसिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल हंसिया जब्त कर लिया है।
भिलाई। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के महामायापारा में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अफेयर के शक में पति ने गुस्से में अपनी पत्नी पर हंसिया से कई वार कर दिए। महिला को गंभीर हालत में पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

शराब के नशे में करता था चरित्र पर शक
मृतका की पहचान दुर्गा यादव (22) के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार साल पहले घनश्याम यादव (25) से हुई थी। दोनों का छह महीने का एक बेटा है। परिजनों के मुताबिक घनश्याम शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी। परिवार का कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार दुर्गा के साथ मारपीट कर चुका था।
सुबह का विवाद बना मौत की वजह
रविवार सुबह करीब 9:30 बजे एक बार फिर पति–पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि घनश्याम ने घर में रखा हंसिया उठाया और पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने दुर्गा के माथे, गले और पीठ पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल महिला खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, हंसिया जब्त
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल हंसिया भी जब्त कर लिया गया है।
एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार सुबह भी इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

Live Cricket Info


