CG News:- पुलिस से डरिए मत… भरोसा कीजिए” — एसएसपी रजनेश सिंह का संदेश, नवीन न्याय संहिता को लेकर बिलासपुर पुलिस का महाअभियान, हजारों लोगों तक पहुंची कानूनी जागरूकता

CG News:-पुलिस का नाम सुनते ही मन में डर नहीं, भरोसा पैदा हो… बिलासपुर पुलिस इसी सोच को हकीकत में बदलने की कोशिश कर रही है। एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में नवीन न्याय संहिता को लेकर जिलेभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। हजारों लोगों को बताया जा रहा है कि पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए है, इसलिए डर अपराधियों को होना चाहिए, आम नागरिकों को नहीं।”
बिलासपुर। अगर आपके मन में आज भी पुलिस को लेकर डर है, तो यह खबर आपके लिए है। बिलासपुर पुलिस अब सिर्फ कानून लागू नहीं कर रही, बल्कि लोगों को कानून समझाने भी घर-घर और मंच-मंच तक पहुंच रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह के निर्देशन में जिलेभर में नवीन न्याय संहिता को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। फ्लैक्स, पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (PPT), वीडियो और जनसंदेश के माध्यम से आम नागरिकों को नए कानूनों, उनके अधिकारों और पुलिस की भूमिका से अवगत कराया जा रहा है।
एसएसपी रजनेश सिंह का स्पष्ट संदेश है कि “पुलिस से डर सिर्फ अपराधियों को होना चाहिए। आम नागरिक पुलिस से नहीं, बल्कि पुलिस के साथ खड़े हों। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए है।”
हर थाना–चौकी से निकल रहा जागरूकता का संदेश
बिलासपुर जिले के सभी थाना और चौकी मुख्यालयों में लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस लाइन से लेकर थाना–चौकी स्तर तक अधिकारी और कर्मचारी सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को संबोधित कर भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दे रहे हैं।
फ्लैक्स, वीडियो, पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन और जनसंदेश के जरिए नागरिकों को बताया जा रहा है कि नए कानून उनके अधिकारों की सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लागू किए गए हैं।
महिला, बच्चे, युवा और वरिष्ठ नागरिक… हर वर्ग तक पहुंच रही पुलिस

अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। पुलिस विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों को नए कानूनों के बारे में जागरूक कर रही है। उन्हें उनके कानूनी अधिकार, सुरक्षा से जुड़े प्रावधान और न्याय पाने की प्रक्रिया सरल भाषा में समझाई जा रही है।
पुलिस ग्राउंड में 2 हजार से ज्यादा लोगों को दी जानकारी
पुलिस ग्राउंड में आयोजित विशेष कार्यक्रम में 2,000 से अधिक लोगों को नवीन न्याय संहिता के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने कानूनों में हुए बदलाव और नागरिकों के अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की।
छत्तीसगढ़ डांस चैंपियनशिप में भी लगी जागरूकता प्रदर्शनी
CIMS ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ डांस चैंपियन सीजन-3 के दौरान 19 जुलाई 2026 से 24 जुलाई 2026 तक लगातार प्रदर्शनी लगाई गई। प्रतियोगिता में जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई कलाकार शामिल हुए। इस दौरान प्रतिदिन करीब 2,000 नागरिकों को PPT, फ्लैक्स, वीडियो और संदेशों के माध्यम से नवीन न्याय संहिता की जानकारी दी गई।
इसी कार्यक्रम में एसएसपी रजनेश सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण, संगठित अपराधों की रोकथाम और अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी।
“अपराधी डरें… जनता नहीं”

अपने संबोधन में एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों में भय पैदा करना नहीं, बल्कि विश्वास कायम करना है।
उन्होंने कहा,
“पुलिस से डर का माहौल केवल उनके लिए होना चाहिए जो अपराध में लिप्त हैं और समाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं। आम लोगों को पुलिस से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस के साथ फ्रेंडली व्यवहार रखें, ताकि जनता और पुलिस के बीच सकारात्मक संवाद और बेहतर समन्वय स्थापित हो। समाज में होने वाली हर अच्छी-बुरी गतिविधि की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचे और सामुदायिक पुलिसिंग, बेसिक पुलिसिंग तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से समाज की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।”

कारगिल विजय दिवस पर भी चला जागरूकता अभियान
26 जुलाई 2026 को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी फ्लैक्स और वीडियो के माध्यम से करीब 1,000 लोगों को नवीन न्याय संहिता के बारे में जागरूक किया गया।
लगातार चल रहा है अभियान
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी जिले के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। उद्देश्य स्पष्ट है—हर नागरिक नए कानूनों को समझे, अपने अधिकार जाने और पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षित समाज के निर्माण में भागीदार बने।

Live Cricket Info

