आयोजनछत्तीसगढ़जांजगीर-चांपादेशराज्य एवं शहर
CG News:- 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बस्तर का डंका! ओवरऑल चैंपियनशिप पर जमाया कब्जा

- CG News:- चार दिन तक जांजगीर के हाईस्कूल मैदान में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, मुकाबलों में खूब मचा रोमांच; मलखम्ब से लेकर हैण्डबॉल तक पदकों की होड़ रही, लेकिन आखिर में ओवरऑल चैंपियनशिप का ताज बस्तर के सिर सजा।
- जांजगीर-चांपा। चार दिन तक चले खेलों के महाकुंभ में खिलाड़ियों ने मैदान पर पूरा दम लगाया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हाईस्कूल मैदान जांजगीर में 22 से 25 अगस्त 2026 तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का जोश और उत्साह के साथ समापन हुआ। प्रदेश के अलग-अलग संभागों के खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों के बाद ओवरऑल चैंपियनशिप बस्तर संभाग के नाम रही।
- प्रतियोगिता के नतीजों में मलखम्ब 14 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया, रायपुर दूसरे और सरगुजा तीसरे स्थान पर रहा। 14 वर्ष बालिका वर्ग में बिलासपुर प्रथम, रायपुर द्वितीय और सरगुजा तृतीय रहे। मलखम्ब 17 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर फिर नंबर वन रहा, बिलासपुर दूसरे और रायपुर तीसरे स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालिका वर्ग में बिलासपुर ने पहला स्थान हासिल किया, रायपुर दूसरे और बस्तर तीसरे स्थान पर रहा।
- मलखम्ब में बस्तर का दबदबा
- मलखम्ब 19 वर्ष बालक वर्ग में बस्तर ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए पहला स्थान हासिल किया, बिलासपुर दूसरे और रायपुर तीसरे स्थान पर रहे। 19 वर्ष बालिका वर्ग में भी बस्तर प्रथम रहा, जबकि बिलासपुर द्वितीय और रायपुर तृतीय स्थान पर रहा। हैण्डबॉल 14 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर ने बाजी मारी, बस्तर दूसरे और बिलासपुर तीसरे स्थान पर रहे। 14 वर्ष बालिका वर्ग में सरगुजा प्रथम, बस्तर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय रहे। सभी विजेता टीमों को भव्य समारोह में पुरस्कृत किया गया।
- पुरस्कार समारोह में दिखा उत्साह
- समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा गरेवाल ने की। विशेष अतिथि के रूप में उपाध्यक्ष श्री मोहन यादव, पार्षद योगेश चौरसिया और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदनी राजवाड़े मंच पर मौजूद रहे।
- मुख्य अतिथि श्री गगन जयपुरिया ने कहा कि खेल में खिलाड़ी भावना सबसे महत्वपूर्ण है और सभी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती रेखा गरेवाल ने कहा कि यह शहर का सौभाग्य है कि उसे इन प्रतिभावान खिलाड़ियों की मेजबानी करने का अवसर मिला। अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रेरित किया।
- मार्चपास्ट ने बांधा समां
- जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आकर्षक मार्चपास्ट का नेतृत्व वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक रमेश तिवारी ने किया। आभार प्रदर्शन जिला क्रीड़ा अधिकारी सी.एस. महतो ने किया। कार्यक्रम में जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष गोपेश्वर कहरा, जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. जितेंद्र तिवारी, सोनू जायसवाल, ठा. राजीव सिंह, प्रेमलाल पांडेय, अमित यादव, हेमलता शर्मा (APC) और ए.बी.ई.ओ. पुष्पा कोरी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
- कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दीपक कुमार यादव एवं शिक्षिका श्रीमती प्रियंवदा गौरहा ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रमोद तिवारी, अशोक साहू, केशव साहू, अखिलेश, रामकृष्ण तिवारी, गौरी साहू, धनमत महंत सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा। चार दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ के समापन पर मैदान में मुकाबले की गर्मी के साथ खिलाड़ियों के बीच खेल भावना और आपसी सौहार्द भी देखने को मिला। बस्तर ने ओवरऑल चैंपियनशिप जीतकर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई, जबकि अलग-अलग खेलों में बिलासपुर, रायपुर और सरगुजा के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी छाप छोड़ी।
Was this article helpful?
YesNo

