CG News:-कोतवाली बवाल में 11 गिरफ्तार, 300 CCTV में बाकी उपद्रवियों की तलाश! SSP रजनेश सिंह का बोले —माहौल बिगाड़ने और विवाद को सामुदायिक रंग देने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

CG News:- कोतवाली के खपरगंज बवाल पर SSP रजनेश सिंह का सख्त रुख—दोनों पक्षों से 11 गिरफ्तार, 300 CCTV फुटेज से बाकी उपद्रवियों की तलाश। बुजुर्ग से मारपीट और 11 वाहनों में तोड़फोड़ की जांच के साथ सोशल मीडिया की तल्ख टिप्पणियां भी जांच के घेरे में। SSP ने साफ कहा—माहौल बिगाड़ने और विवाद को सामुदायिक रंग देने वालों पर भी कार्रवाई होगी
CG News:- बिलासपुर। खपरगंज में शुक्रवार रात इंटरनेट मीडिया पर शुरू हुई तल्ख टिप्पणियों की लड़ाई सड़क पर बवाल में बदल गई। मध्यनगरी चौक के पास बिरयानी सेंटर के आसपास हुए विवाद में बुजुर्ग पर हमला, 11 वाहनों में तोड़फोड़ और कुछ घरों पर पथराव की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों से अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं बवाल में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए करीब 300 CCTV फुटेज और मोबाइल वीडियो खंगाले जा रहे हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया की , कुछ युवकों के बीच आपसी रंजिश को लेकर इंटरनेट मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ तल्ख टिप्पणियां की गई थीं। इसके बाद विवाद बढ़ा और शुक्रवार रात मध्यनगरी चौक के पास बिरयानी सेंटर के आसपास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
पुलिस मौके पर पहुंची तो हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा गया। जांच में राम सिंह और सोहेल खान द्वारा अपने लोगों को बुलाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम में दोनों समेत अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
बुजुर्ग पर हमला, फिर बिगड़ा माहौल
हंगामे के दौरान एक बुजुर्ग के साथ उपद्रवियों ने मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों में इस घटना से जुड़े महत्वपूर्ण दृश्य रिकॉर्ड हुए हैं। फुटेज के आधार पर हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
बवाल के दौरान 11 वाहनों में तोड़फोड़ की जानकारी भी पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आई है। इसके अलावा कुछ घरों पर पत्थर फेंके जाने की बात कही जा रही है। हालांकि, घरों में पथराव को लेकर अभी तक पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस ने इसके बावजूद इस पहलू को जांच में शामिल किया है।
300 CCTV और मोबाइल वीडियो बने पुलिस का हथियार
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसीसीयू की टीम को भी जांच में लगाया गया है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से करीब 300 CCTV फुटेज जुटाए गए हैं। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो की भी जांच की जा रही है।
पुलिस वीडियो फुटेज के जरिए एक-एक व्यक्ति की पहचान कर रही है। जिन लोगों की पहचान हो रही है, उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कुछ संदिग्ध अपने ठिकानों से गायब बताए जा रहे हैं। वहीं अलग-अलग इलाकों से कुछ लोगों को थाने लाकर पूछताछ भी की जा रही है।
एक पक्ष से 8, दूसरे से 3 गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में एक पक्ष से आठ और दूसरे पक्ष से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक पक्ष से गिरफ्तार: मौला बक्स उर्फ जुब्बू (37), शेख अजहरूद्दीन उर्फ अज्जू (25), मोहम्मद जाहिद खान (45), सफीक अहमद उर्फ राजा खान (31), शकीर उर्फ सोनू (24), मोहम्मद लाइक (37), रेहान अली उर्फ ईरानी (19) और मो. जुनैद (21)।
दूसरे पक्ष से गिरफ्तार: राजू यादव उर्फ नान (30), राकेश यादव उर्फ रिक्कू (24) और छत्रपाल साहू (25)।
इस तरह अब तक कुल 11 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
सोहेल खान पर पहले से 11 मामले
पुलिस के अनुसार, मामले में सामने आए सोहेल खान के खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस जांच में शुक्रवार रात राम सिंह और सोहेल खान द्वारा अपने लोगों को बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस दोनों समेत अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपितों के पुराने आपराधिक मामलों की जानकारी भी न्यायालय के समक्ष रखी जाएगी।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
खपरगंज की घटना के बाद पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर निगरानी बढ़ा दी है। ऐसी पोस्ट, टिप्पणी और सामग्री पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिनके जरिए विवाद को सामुदायिक रंग देने या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया जा रहा हो।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा है कि घटना को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या समाज में तनाव पैदा करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा टास्क 300 CCTV फुटेज में कैद चेहरों को पहचानना है। 11 गिरफ्तारियों के बाद अब जांच का दायरा उन लोगों तक पहुंच रहा है, जिनकी भूमिका वीडियो में सामने आ रही है।
Live Cricket Info




