कमल ककड़ी निकालने उतरे युवक की तालाब में डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम

रतनपुर। रत्नेश्वर तालाब में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 43 वर्षीय कैलाश केंवट की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, करैहा पारा निवासी कैलाश केंवट रोज़ी–रोटी के लिए तालाब से कमल ककड़ी (ढेंस) निकालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान वे तालाब के गहरे हिस्से में चले गए, जहां अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पानी में डूब गए।
काफी देर तक जब कैलाश बाहर नहीं लौटे तो आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कैलाश केंवट का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। बताया जा रहा है कि कैलाश लंबे समय से कमल ककड़ी निकालकर अपने परिवार का भरण–पोषण कर रहे थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
Live Cricket Info
