CG Crime News:- पहले समझाइश, फिर अगले ही दिन पुलिस का डंडा! पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू-डंडे से जानलेवा हमला, 6 बदमाश जेल

CG Crime News:- एक दिन पहले पुलिस ने बदमाशों को थाने बुलाकर समझाइश दी थी, लेकिन अगले ही दिन पुरानी रंजिश में युवक को घेरकर चाकू-डंडे से हमला कर दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देश पर रायगढ़ पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश दी और 6 आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया। आरोपियों से चाकू, लोहे का पंच, पत्थर और साइकिल की चैन भी बरामद हुई है।
रायगढ़। त्योहार का माहौल है और पुलिस शहर में शांति बनाए रखने के लिए बदमाशों को पहले ही चेतावनी दे चुकी है। लेकिन समझाइश के ठीक अगले दिन ही पुरानी रंजिश में युवक को घेरकर चाकू, लाठी-डंडे और दूसरे हथियारों से हमला कर दिया गया। इसके बाद रायगढ़ पुलिस ने भी साफ कर दिया कि अपराध करोगे तो कार्रवाई झेलनी पड़ेगी।
कोतवाली पुलिस ने युवक पर जानलेवा हमला करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से स्टील का चाकू, लोहे का पंच, पत्थर और पुरानी साइकिल की चैन बरामद की गई है।
रात डेढ़ बजे घर से निकला था युवक, रास्ते में घेरकर हमला

मामला रायगढ़ के बापूनगर का है। 30 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे बापूनगर निवासी सुषमा दीप पति राजेन्द्र दीप उम्र 40 वर्ष ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रार्थिया के मुताबिक उसका बेटा पालेश्वर दीप गुटखा लेने की बात कहकर घर से निकला था। हनुमान मंदिर के आगे बापूनगर के पास पुरानी रंजिश को लेकर कृष्णा डोगरे और उसके साथियों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे और चाकू से हमला कर दिया।
हमले में पालेश्वर के सिर, माथे, पेट और दाहिने हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया।
मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 477/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वारदात के बाद फरार, पुलिस ने ठिकानों पर मारी दबिश
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी ने पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश में लगाया।
इसके बाद संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश का दौर शुरू हुआ। पुलिस ने एक-एक कर छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
जांच के दौरान घायल की मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के कथनों से पुलिस के सामने हमले की गंभीरता सामने आई। पुलिस के अनुसार मामला महज मारपीट तक सीमित नहीं था, बल्कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया था। इसके बाद प्रकरण में हत्या के प्रयास और बलवा से संबंधित गंभीर धाराएं 109(1), 190, 191(2) और 191(3) बीएनएस बढ़ाई गईं।
किसके पास से क्या मिला?
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अलग–अलग हथियार इस्तेमाल करने की बात बताई। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने हथियार भी बरामद किए।
- सेवक साण्डे — स्टील का चाकू
- देवेन्द्र कन्द्र — लोहे का पंच
- सोहन साण्डे — पत्थर का टुकड़ा
- अलिस साण्डे — पुरानी साइकिल की चैन
गिरफ्तार आरोपी कौन-कौन?
पुलिस ने मामले में कृणामुखी उर्फ गिदुमुखी (19), सेवक साण्डे (23), देवेन्द्र कन्द्र (24), सोहन साण्डे (20), सादिन महानंद (20) और अलिस साण्डे (21) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बापूनगर रायगढ़ के निवासी बताए गए हैं।
सभी आरोपियों की गिरफ्तारी 1 सितंबर की शाम से देर रात तक की गई और 2 सितंबर को उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एक दिन पहले बदमाशों को बुलाकर दी थी समझाइश
खास बात यह है कि रायगढ़ पुलिस ने घटना से ठीक एक दिन पहले ही शहर के बदमाशों को थाने में बुलाकर अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में त्योहारों को देखते हुए शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में 1 सितंबर को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा एवं राहुल उईके ने शहर के बदमाशों को थाना चक्रधरनगर परिसर में हाजिर कराकर साफ चेतावनी दी थी कि अपराध और विवाद से दूर रहें।
लेकिन इसी बीच कोतवाली क्षेत्र में हिंसक वारदात हो गई। पुलिस ने भी बिना समय गंवाए कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस का संदेश—त्योहार में दहशत फैलाई तो सीधे जेल
रायगढ़ पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहारों के दौरान शहर की शांति और कानून–व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पहले समझाइश, फिर अपराध किया तो कानूनी कार्रवाई—पुलिस इसी नीति पर आगे बढ़ रही है। आपसी रंजिश में हिंसा, मारपीट और शहर में दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं सीएसपी राहुल उईके के सुपरविजन में की गई। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, एएसआई कोसो सिंह जगत, आरक्षक उत्तम सारथी, प्रताप बेहरा एवं कीर्ति राजपूत की कार्रवाई में अहम भूमिका रही।
Live Cricket Info


