CG Road Accident: भालूमोड़ पर रफ्तार का कहर… दो ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत, केबिन में फंसा चालक तड़पता रहा, एक की मौत; दूसरा ड्राइवर फरार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। कटघोरा थाना क्षेत्र के भालूमोड़ के पास दो तेज रफ्तार ट्रेलरों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा ट्रेलर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया।
टक्कर इतनी जोरदार कि केबिन में फंस गया चालक
जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह के समय हुआ, जब दोनों ट्रेलर तेज रफ्तार से आमने-सामने आ रहे थे। इसी दौरान नियंत्रण बिगड़ने से दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद एक ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर बुरी तरह फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया और कटर मशीन की मदद से ट्रेलर की केबिन काटकर चालक के शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार मृतक चालक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे की जानकारी परिजनों और वाहन मालिक को दे दी गई है। पुलिस उनके पहुंचने का इंतजार कर रही है।
वाहन छोड़कर भागा दूसरा चालक, पुलिस तलाश में जुटी
हादसे के बाद दूसरे ट्रेलर का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना सामने आ रही है। पुलिस फरार चालक के खिलाफ हिट एंड रन और गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की तैयारी कर रही है। वाहन नंबर के आधार पर ट्रेलर मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।
Live Cricket Info


