अपराधक्राइमछत्तीसगढ़देश - विदेशबिलासपुरराज्य एवं शहर

Bilaspur News:– विवाहिता की संदिग्ध मौत: भाजपा नेता के भाई-भतीजे समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप, शरीर पर मिले चोट के निशान, डेढ़ साल के बच्ची की मां थी मृतका

बिलासपुर। बिलासपुर शहर के दयालबंद इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। मृतका के मायके पक्ष ने एक भाजपा नेता के भाई, भतीजे समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि विवाहिता को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद का है। मृतका की पहचान उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर निवासी अदिति मौर्या के रूप में हुई है। उसकी शादी फरवरी 2019 में बिलासपुर निवासी रविकांत मौर्य पिता सुखदेवा मौर्य से हुई थी। रविकांत मौर्य बिलासपुर के भाजपा नेता बंधु मौर्य का भतीजा है। शादी के बाद से ही अदिति अपने पति और ससुराल वालों के साथ दयालबंद स्थित घर में रह रही थी। दंपति की डेढ़ साल की एक बेटी भी है।

शादी के बाद से प्रताड़ित किए जाने का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

मृतका के भाई अखिलेश वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि शादी के कुछ समय बाद से ही अदिति को पति और ससुराल पक्ष द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार के लोगों का आरोप है कि अदिति अक्सर फोन पर अपने साथ हो रही मारपीट और उत्पीड़न की जानकारी देती थी। कई बार उसने मायके पक्ष को यह भी बताया था कि पति उसके साथ मारपीट करता है और उसे प्रताड़ित किया जाता है। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से अदिति से उनका संपर्क नहीं हो पा रहा था। जब भी वे उससे बात करने की कोशिश करते, उसका पति रविकांत मौर्य किसी किसी बहाने से बात नहीं कराता था। इससे परिवार के लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही थी।

23 जून को हुई थी मारपीट, फिर मिली मौत की खबर

मायके पक्ष का आरोप है कि 23 जून को भी अदिति के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद परिजनों ने रविकांत मौर्य की मां से फोन पर संपर्क किया। तब उन्हें बताया गया कि अदिति और रविकांत के बीच कमरे में विवाद हो रहा था। कुछ देर बाद जानकारी दी गई कि अदिति का शव मिला है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अदिति के परिजन उत्तरप्रदेश से बिलासपुर के लिए रवाना हो गए। जब वे अस्पताल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि अदिति की मौत हो चुकी है। यह सुनकर परिजन स्तब्ध रह गए। मृतका के भाई अखिलेश वर्मा और अन्य परिजनों ने पति रविकांत मौर्य, सासससुर, ननद और नंदोई पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

  अब बिलासपुर में उपलब्ध होंगे बुल के विश्व स्तरीय ट्रैक्टर अटैचमेंट मशीन, सोमवार को तोरवा में राधे इंटरप्राइजेज शो रूम का भव्य शुभारंभ

शव पर मिले कई चोटों के निशान

मृतका के परिजनों का कहना है कि अस्पताल में जब उन्होंने अदिति का शव देखा तो वे हैरान रह गए। उनके अनुसार, अदिति की पीठ, हाथ, पैर, गले और ठुड्डी पर गंभीर चोटों के निशान दिखाई दे रहे थे। इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों पर काले धब्बे और सूजन भी नजर रही थी। परिजनों का आरोप है कि शरीर पर मिले निशान यह संकेत देते हैं कि अदिति के साथ मौत से पहले बेरहमी से मारपीट की गई थी। उनका कहना है कि यदि यह आत्महत्या का मामला होता, तो शरीर पर इस तरह के चोट के निशान नहीं होते। इसलिए उन्हें संदेह है कि अदिति की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाकर मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें


घटना के बाद मृतका की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में मृतका के शरीर पर काले निशान और चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इन तस्वीरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इन तस्वीरों और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। फॉरेंसिक जांच से यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह निशान चोट के हैं अथवा किसी अन्य वजह से बने हैं।

पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य


घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने कमरे और आसपास के स्थानों से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Kanha Tiwari

छत्तीसगढ़ के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से लोक जन-आवाज को सशक्त बनाते हुए पत्रकारिता की अगुआई की है।

Related Articles

Back to top button