CG Wildlife News:-दलदल में धंसता रहा हाथी का बच्चा… बेबस खड़ा देखता रहा पूरा झुंड 35 हाथी मौके पर डटे रहे, लेकिन नहीं बच सकी शावक की जान ,देखिए VIDEO: एक हफ्ते में दूसरी मौत ने फिर खड़े किए बड़े सवाल

CG Wildlife News: दलदल में फंसकर हाथी शावक की दर्दनाक मौत… बेबस खड़ा देखता रहा पूरा झुंड धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज स्थित केराझरिया डेम में हादसा, मौके पर अब भी 35 हाथियों का दल मौजूद इलाके में 114 हाथियों की आवाजाही के बीच एक हफ्ते में दूसरी मौत से मचा हड़कंप
ग्रामीणों ने वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल
रायगढ़। धरमजयगढ़ वनमंडल क्षेत्र में हाथियों की लगातार हो रही मौतों ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। छाल रेंज के तरेकेला गांव के पास स्थित केराझरिया डेम में दलदल में फंसने से एक हाथी शावक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, क्योंकि मौके के आसपास अब भी करीब 35 हाथियों का दल मौजूद बताया जा रहा है।
एक हफ्ते में दूसरी मौत
धरमजयगढ़ वनमंडल में बीते सात दिनों के भीतर हाथी शावक की मौत की यह दूसरी घटना है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई है।
114 हाथियों की मौजूदगी से बढ़ी चिंता
जानकारी के अनुसार इस समय धरमजयगढ़ वनमंडल क्षेत्र में लगभग 114 हाथी अलग-अलग झुंडों में विचरण कर रहे हैं। हाथियों की लगातार आवाजाही से वन क्षेत्र से लगे गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हालात लंबे समय से गंभीर बने हुए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा इंतजाम बेहद कमजोर हैं।
ग्रामीण बोले- सिर्फ कागजों में हो रही निगरानी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग हाथियों की निगरानी और सुरक्षा को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा। ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों और मानव बस्तियों के बीच टकराव की स्थिति लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन विभागीय अमला सिर्फ औपचारिक कार्रवाई तक सीमित है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निगरानी, रेस्क्यू और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाती, तो शायद ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था। लगातार हो रही मौतों का खामियाजा अब वन्यजीव भुगत रहे हैं।
कुछ दिन पहले डेम में डूबा था दूसरा शावक
बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार को भी छाल रेंज के सिंघीझाप डेम में पानी में डूबने से एक हाथी शावक की मौत हुई थी। एक सप्ताह के भीतर दो शावकों की मौत ने वन विभाग में भी हड़कंप मचा दिया है।
घटना का VIDEO आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दलदली क्षेत्र के आसपास हाथियों का झुंड दिखाई दे रहा है। शावक की मौत के बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है।
Live Cricket Info

