GC Crime News: – दिनदहाड़े गोलियों की गूंज! सराफा व्यापारी को बीच बाजार मार दी गोली, लूट के इरादे से आए थे 3 बदमाश, मौत से फैली दहशत

रिपोर्टर-बिपत सारथी
GC Crime News:-छत्तीसगढ़ के गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले के पेंड्रा क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोटमी मुख्य बाजार में बाइक सवार बदमाशों ने सराफा व्यापारी पप्पू प्रदीप सोनी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यापारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा गौरेला मरवाही जिले में मंगलवार को उस समय दहशत फैल गई जब बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सराफा कारोबारी पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, पेंड्रा के कोटमी मुख्य बाजार में बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनका इरादा लूटपाट का था। बदमाशों ने पहले दुकान में घुसने की कोशिश की, लेकिन सराफा व्यापारी पप्पू प्रदीप सोनी ने उनका विरोध किया। इसी दौरान बदमाशों ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। घायल व्यापारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमों को रवाना किया गया है।
Live Cricket Info


