गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बिर्रा चौक पर चक्का जाम, आधे घंटे तक आवागमन बाधित
गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बिर्रा चौक पर चक्का जाम, आधे घंटे तक आवागमन बाधित

गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बिर्रा चौक पर चक्का जाम, आधे घंटे तक आवागमन बाधित
आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बिर्रा चौक पर आधे घंटे तक चक्का जाम कर विरोध जताया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कर शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जाया गया।
जांजगीर-चम्पा / जिला अस्पताल में मृतक युवक आयुष कश्यप का पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद उसका शव गृह ग्राम करही लाया गया। जैसे ही शव गांव पहुंचा, क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। इस दौरान जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप, जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित कांग्रेस के कई नेता, परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण बिर्रा चौक मुख्य मार्ग पर एकत्रित हो गए। सभी ने मिलकर करीब आधे घंटे तक मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने गांव में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में हत्या जैसी गंभीर घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि मृतक के परिजनों को न्याय मिल सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रह सके।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे परिजनों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने सभी को समझाइश देते हुए भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।
इसके बाद मृतक का शव अंतिम संस्कार के लिए गांव की ओर रवाना किया गया। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। मृतक की मां, बहन और पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Live Cricket Info



