CG Crime News : – पटाखा फोड़ने को लेकर बरात में खूनी झड़प, बीच-बचाव कर रहे युवक पर चाकू से हमला, दो हिरासत में

CG Crime News : – पटाखे की एक आवाज़…और शादी का जश्न थम गया… बरातियों और गांववालों में तीखा विवाद…बीच-बचाव कर रहा युवक बना निशाना…चाकू से वार, हालत गंभीर… दो आरोपी पुलिस हिरासत में
Bilaspur News: – बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पटाखा फोड़ने की बात को लेकर बरातियों और ग्रामीणों के बीच शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के बनारी निवासी अभय धीवर की शादी ग्राम गढ़वट निवासी रामकुमार धीवर की पुत्री ललिता से तय हुई थी। मंगलवार रात करीब 11 बजे बरात दुल्हन के घर के पास पहुंची। डीजे की धुन पर नाचते बरातियों के बीच अचानक किसी ने पटाखा फोड़ दिया। इसी बात को लेकर बरातियों और गांव वालों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
विवाद बढ़ता देख गांव की रहने वाली पुष्पा धीवर का बेटा त्रिलोक बीच-बचाव करने पहुंचा। वह झगड़ा कर रहे लोगों को शांत कराने की कोशिश कर रहा था, तभी किसी ने उस पर चाकू से वार कर दिया। हमले में त्रिलोक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की शिकायत पर रतनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बनारी निवासी पुष्पेंद्र धीवर और भूपेंद्र धीवर को हिरासत में लिया है।
रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडे ने बताया कि मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण पटाखा फोड़ना सामने आया है। घायल युवक का उपचार जारी है और मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Live Cricket Info




