असम में भाजपा की नामांकन रैली में उमड़ा जनसैलाब, डिप्टी सीएम अरुण साव ने संभाली चुनावी कमान

तीन दिन के दौरे में बैठकें, रणनीति और नामांकन—“मेरा बूथ, सबसे मजबूत” का दिया मंत्र
धेमाजी/लखीमपुर (असम)।छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने असम प्रवास के दौरान धेमाजी में भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैली में शामिल होकर चुनावी माहौल को धार दी। रैली में हजारों की भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भाजपा के समर्थन में जनसैलाब देखने को मिला।
इस दौरान धेमाजी विधानसभा से डॉ. रनोज पेगू और सिसिबोरगांव विधानसभा से जीवन गोगोई ने अपना नामांकन दाखिल किया।
रैली को संबोधित करते हुए साव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में उमड़ा यह जनसमर्थन आगामी चुनाव परिणामों का संकेत है। उन्होंने “डबल इंजन सरकार” का जिक्र करते हुए कहा कि हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और जनता इस गति को जारी रखना चाहती है।
कार्यक्रम में लखीमपुर के सांसद प्रधान बरुआ सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठनात्मक बैठकों पर फोकस
उप मुख्यमंत्री साव ने असम विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत पिछले तीन दिनों में धेमाजी, ढकुआखाना, लखीमपुर और रोंगोनदी विधानसभा क्षेत्रों में लगातार बैठकें कीं। वहीं नाओबोइचा में एनडीए सहयोगी असम गण परिषद के प्रत्याशी बसंत दास के साथ भी रणनीतिक चर्चा की।
बैठकों में स्थानीय मुद्दों, जनसंपर्क अभियान और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। रोंगोनदी से भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका सहित कई पदाधिकारियों ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संकल्प लिया।
“मेरा बूथ, सबसे मजबूत” का मंत्र
साव ने कार्यकर्ताओं को “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” का संकल्प दोहराते हुए हर बूथ पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाया जाएगा और चुनाव में जीत सुनिश्चित की जाएगी।

Live Cricket Info


