CG Navratri Ratanpur PadYatra News:–पदयात्रा में हुड़दंगियों पर ड्रोन से रखी जाएगी नजर, प्रशासन और पुलिस रहेगी अलर्ट मोड पर,नियम तोड़ने पर होगी सख्ती

CG Navratri Ratanpur PadYatra News:– चैत्र नवरात्रि की सप्तमी पर मां महामाया मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं हर साल पहुंचने है। रतनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में सुरक्षा के लिए ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी, पेट्रोलिंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। नियम तोड़ने वालों, हुड़दंगियों और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि की सप्तमी पर मां महामाया मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों से भक्तजन पदयात्रा और अपने वाहनों से माता के दर्शन के लिए निकलते हैं, जिससे रतनपुर मार्ग पूरी रात आस्था के जनसैलाब में तब्दील हो जाता है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रबंधन और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। रतनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में इस बार सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक और सख्त बनाया गया है।
ड्रोन और सीसीटीवी से हाईटेक निगरानी
प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने बताया कि हुड़दंग करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस द्वारा पूरे मार्ग और मंदिर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से लगातार निगरानी की जाएगी। संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को समय रहते रोका जा सके।
यातायात में सख्ती, डायवर्जन प्लान लागू
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है और अलग–अलग मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी कर रही है।
बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के लिए जगह–जगह ब्रीथ एनालाइजर के साथ पुलिस टीम तैनात रहेगी।
पदयात्रियों के लिए विशेष सुरक्षा और सुविधाएं
पदयात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग में निगरानी बढ़ाई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह–जगह पेयजल, चिकित्सा सहायता और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, फिक्स प्वाइंट और क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) को भी तैनात किया गया है।
मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था
मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। स्वयंसेवक लगातार श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, यातायात नियमों का उल्लंघन न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि आयोजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाया जा सके।

Live Cricket Info

