CG News:– राज्य सरकार के अधिकारियों कर्मचारियों को विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने के लिए मिलेगा 12 दिन का अवकाश, सेवाकाल में ले सकते हैं छह बार अवकाश

रायपुर। राज्य शासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्षमता में वृद्धि, मानसिक तनाव में कमी तथा नैतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु विपश्यना ध्यान (Vipassana Meditation) की महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के साथ-साथ राज्य सेवा के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य के अंतर्गत मान्यता प्राप्त विपश्यना केंद्रों द्वारा आयोजित 10 दिवसीय आवासीय विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने हेतु उनके संपूर्ण सेवाकाल में अधिकतम 06 (छः) बार विशेष आकस्मिक अवकाश (Special Casual Leave) स्वीकृत किया जाएगा। इस अवकाश की अवधि यात्रा समय सहित अधिकतम 12 (बारह) दिन की होगी।

इसके लिए निम्न नियम और शर्तें तय की गई है…
संबंधित अधिकारी/कर्मचारी को आवेदन के साथ विपश्यना केंद्र द्वारा जारी पंजीकरण पत्र (Admission Letter) संलग्न करना अनिवार्य होगा।
शिविर संपन्न होने के पश्चात, संबंधित केंद्र द्वारा जारी भागीदारी प्रमाण-पत्र (Completion Certificate) कार्यालय में प्रस्तुत करना आवश्यक होगा, अन्यथा उक्त अवधि को उनके अन्य अर्जित अवकाशों में समायोजित किया जाएगा।
यह अवकाश शासकीय कार्य की सुगमता को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारी द्वारा स्वीकृत किया जाएगा।
उक्त विशेष अवकाश की अवधि को कर्तव्य अवधि (On Duty) माना जाएगा तथा इस अवधि का पूर्ण वेतन देय होगा।
शिविर हेतु किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा अन्य व्यय शासन द्वारा देय नहीं होगा।

Live Cricket Info

