IAS/IPSTransferछत्तीसगढ़तबादलाराज्य एवं शहररायपुर

CG IPS Transfer News:- 2026: छत्तीसगढ़ में बड़े IPS फेरबदल की उल्टी गिनती शुरू, कभी भी जारी हो सकती है IPS तबादला सूची; तीन IG रेंज, कई SP और PHQ में होगा बड़ा बदलाव!

CG IPS Transfer News :- छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज है। सत्ता और पुलिस मुख्यालय के गलियारों में चर्चा है कि 15 जुलाई तक करीब एक दर्जन आईपीएस अधिकारियों के तबादले हो सकते हैं। संभावित सूची में तीन आईजी रेंज,कई एसपी-एसएसपी और पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं,

Raipur रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में लंबे समय से प्रतीक्षित वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बड़े प्रशासनिक फेरबदल की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। सत्ता और पुलिस मुख्यालय के गलियारों में चल रही चर्चाओं के बीच यह संभावना जताई जा रही है कि अब से लेकर 15 जुलाई के बीच कभी भी राज्य सरकार बहुप्रतीक्षित तबादला सूची जारी कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो इसका असर केवल जिलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पुलिस प्रशासन के शीर्ष स्तर तक व्यापक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

जानकार सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित फेरबदल में करीब एक दर्जन आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल सकती हैं। इसमें तीन महत्वपूर्ण पुलिस रेंजों के महानिरीक्षक (IG), कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP), पुलिस अधीक्षक (SP), रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में पदस्थ डीसीपी तथा पुलिस मुख्यालय (PHQ) में कार्यरत वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

तीन प्रमुख पुलिस रेंजों में बदल सकते हैं IG

सूत्रों के मुताबिक इस फेरबदल का सबसे बड़ा असर दुर्ग, सरगुजा और राजनांदगांव पुलिस रेंज में देखने को मिल सकता है।

चर्चा है कि 2004 बैच के आईपीएस अजय यादव, जो वर्तमान में नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक हैं, उन्हें राजनांदगांव रेंज का नया आईजी बनाया जा सकता है। वर्तमान आईजी 2007 बैच के आईपीएस बालाजी राव सोमावर को सरगुजा रेंज की कमान मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इसी क्रम में 2007 बैच के आईपीएस दीपक कुमार झा, जो फिलहाल सरगुजा रेंज आईजी हैं, उन्हें दुर्ग रेंज आईजी बनाया जा सकता है। वर्तमान में यह जिम्मेदारी उनके ही बैच के अधिकारी अभिषेक शांडिल्य संभाल रहे हैं।

रायपुर कमिश्नरेट के तीन DCP को मिल सकती है नक्सल जिलों की कमान

संभावित तबादला सूची में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के तीन युवा आईपीएस अधिकारियों के नाम भी प्रमुखता से सामने रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि 2020 बैच के आईपीएस उमेश प्रसाद गुप्ता, जो वर्तमान में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी हैं, उन्हें दंतेवाड़ा का नया एसपी बनाया जा सकता है।

इसी प्रकार उनके बैचमेट आईपीएस मयंक गुर्जर को बीजापुर तथा आईपीएस संदीप पटेल को सुकमा जिले की कमान सौंपी जा सकती है। यदि यह प्रस्ताव अंतिम रूप लेता है तो राज्य के तीन महत्वपूर्ण नक्सल प्रभावित जिलों की जिम्मेदारी युवा अधिकारियों के हाथों में होगी।

कोरबा एसपी के लिए तीन अधिकारी दौड़ में

प्रदेश के औद्योगिक दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण जिलों में शामिल कोरबा के पुलिस अधीक्षक पद के लिए भी कई नाम चर्चा में हैं।

सूत्रों के अनुसार 2012 बैच के आईपीएस राजेश कुकरेजा, 2014 बैच के आईपीएस चंद्रमोहन सिंह तथा 2016 बैच के आईपीएस त्रिलोक बंसल को इस पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है।

  CG News:– घर आई 70 वर्षीय बुजुर्ग सास पर बरसी बहू, बोली – आज इस डोकरी को जान से मार दूंगी… डंडे से पीट–पीटकर कर दी हत्या

मुंगेली, बेमेतरा, कोरिया और अंबिकापुर में भी बदलाव की संभावना

संभावित सूची के अनुसार 2013 बैच के आईपीएस भोजराम पटेल, जो वर्तमान में मुंगेली एसपी हैं, उन्हें बेमेतरा भेजा जा सकता है। वहां वर्तमान में 2012 बैच के आईपीएस रामकृष्ण साहू वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में पदस्थ हैं।

वहीं 2018 बैच की आईपीएस किरण गंगाराम चव्हाण, जो फिलहाल सुकमा एसपी हैं, उन्हें कोरिया एसपी बनाया जा सकता है। वर्तमान एसपी रवि कुर्रे के स्थान पर उनकी पदस्थापना की चर्चा है।

इसी तरह 2019 बैच के आईपीएस निखिल अशोककुमार राखेचा, जो वर्तमान में कांकेर एसपी हैं, उन्हें अंबिकापुर भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है। वहां फिलहाल 2012 बैच के आईपीएस राजेश अग्रवाल पदस्थ हैं।

दो महिला आईपीएस अधिकारियों को मिल सकती है पहली जिला कमान

सूत्रों के अनुसार इस बार का फेरबदल महिला अधिकारियों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। चर्चा है कि छत्तीसगढ़ कैडर की दो महिला आईपीएस अधिकारियों को पहली बार किसी जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया जा सकता है।संभावित तौर पर उन्हें सारंगढ़ और धमतरी जिले की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। वर्तमान में सारंगढ़ जिले का प्रभार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पास है, जबकि धमतरी के पुलिस अधीक्षक 2015 बैच के आईपीएस सूरज सिंह परिहार हैं।

दंतेवाड़ा, सूरजपुर और मुंगेली में भी बदल सकती है जिम्मेदारी

सूत्रों का कहना है कि 2019 बैच के आईपीएस राय गौरव रामप्रवेश, जो वर्तमान में दंतेवाड़ा एसपी हैं, उन्हें सूरजपुर एसपी बनाया जा सकता है।वहीं 2018 बैच के आईपीएस जितेंद्र यादव, जो अभी बीजापुर एसपी हैं, उन्हें मुंगेली एसपी की जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।

PHQ में भी दिख सकता है बड़ा बदलाव

प्रस्तावित फेरबदल केवल जिलों और रेंज तक सीमित नहीं रहेगा। जानकारी के अनुसार डीआईजी रैंक के तीन वरिष्ठ अधिकारी—प्रशांत ठाकुर, राजेश अग्रवाल और रामकृष्ण साहू—को पुलिस मुख्यालय (PHQ) में नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।

आधिकारिक आदेश का इंतजार

हालांकि प्रशासनिक हलकों में संभावित तबादलों को लेकर चर्चाएं तेज हैं, लेकिन राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसे में अंतिम समय में नामों, पदस्थापनाओं या जिलों में परिवर्तन अथवा सूची जारी होने में विलंब की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

फिलहाल पुलिस महकमे की निगाहें सरकार के अगले फैसले पर टिकी हैं। यदि यह फेरबदल प्रस्तावित स्वरूप में लागू होता है तो यह राज्य की पुलिस व्यवस्था, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की रणनीति और जिला पुलिस प्रशासन के संचालन पर व्यापक प्रभाव डाल सकता है।

डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। राज्य सरकार द्वारा आधिकारिक तबादला आदेश जारी होने तक सभी नाम और संभावित पदस्थापनाएं केवल संभावित मानी जाएंगी।

Was this article helpful?
YesNo

Live Cricket Info

Kanha Tiwari

छत्तीसगढ़ के जाने-माने वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से लोक जन-आवाज को सशक्त बनाते हुए पत्रकारिता की अगुआई की है।

Related Articles

Back to top button