CG Crime News:-1 करोड़ से ज्यादा का 214 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से यूपी जा रही बोलेरो पिकअप पकड़ाई, एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार

CG Crime News:-बस्तर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 214.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बस्तर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरनार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 214.300 किलोग्राम गांजे से भरी एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप को पकड़कर करोड़ों रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया है। मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
मुखबिर की सूचना पर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका में नाकेबंदी
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को 4 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक UP-52-T-2094 में दो व्यक्ति अवैध गांजा लेकर ओडिशा से धनपुंजी के रास्ते जगदलपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोक लिया गया।
बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी फरार
वाहन रुकते ही उसमें सवार एक आरोपी बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने वाहन चालक को मौके पर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विजय पाण्डेय (34 वर्ष) निवासी राजेंद्र नगर पश्चिम, थाना गोरखनाथ, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। फरार आरोपी की पहचान सोनू यादव, निवासी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
105 पैकेट में मिला 214.300 किलो गांजा
पुलिस ने बोलेरो पिकअप की तलाशी ली तो उसमें रखी 9 प्लास्टिक बोरियों से कुल 105 पैकेट गांजा बरामद हुआ। कुल वजन 214.300 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप, एक सैमसंग मोबाइल फोन तथा 700 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध थाना नगरनार में अपराध क्रमांक 100/2026 के तहत धारा 20(ख)(ii)(ग) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष सिंह, उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दीपक कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक अजय साहू, तुलसीदास कश्यप, आरक्षक दशरू नाग, विक्रम उरांव, यशवंत ध्रुव, डीएसएफ आरक्षक भास्कर भारद्वाज तथा चालक आरक्षक अविनाश मांझी की विशेष भूमिका रही।

Live Cricket Info

