CG Crime News:- लिव-इन पार्टनर ने बीएड छात्रा की गला दबाकर हत्या, गांव लौटने के लिए बहन ने भेजे थे 3 हजार रुपये

CG Crime News: – राजधानी रायपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रही बीएड छात्रा भारती नेताम की उसके लिव-इन पार्टनर सावंत बघेल ने कथित तौर पर मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी युवती को बेसुध हालत में मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया। हालांकि, परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बहन से कहा था– “घर आना चाहती हूं…”
मुजगहन पुलिस के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर निवासी भारती नेताम रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी। वह पिछले 6-7 महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल, जो डीएलएड का छात्र है, के साथ बोरियाकला में लिव–इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
मृतका की शिक्षिका बहन ने बताया कि सावंत अक्सर भारती के चरित्र पर शक करता था और उसके साथ मारपीट करता था।
गांव लौटने के लिए भेजे थे 3 हजार रुपये
4 अगस्त की रात भारती ने अपनी बहन को फोन कर बताया कि सावंत ने उसके साथ फिर मारपीट की है और वह वापस अपने गांव कोकपुर लौटना चाहती है। बहन ने उसकी मदद के लिए तत्काल 3,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए, लेकिन इससे पहले कि भारती घर लौट पाती, आरोपी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी।
शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
5 अगस्त को जब परिजन मेकाहारा पहुंचे तो भारती का शव स्टेचर पर मिला। परिजनों के अनुसार, उसकी बाईं आंख के पास, कनपटी पर चोट और खरोंच के निशान थे। वहीं गर्दन के पीछे और ठोड़ी पर खून जमने के काले धब्बे भी दिखाई दिए, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका और मजबूत हो गई।
अस्पताल में शव छोड़कर भागा, फिर गिरफ्तार हुआ आरोपी
वारदात के बाद आरोपी सावंत बघेल भारती को मेकाहारा लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद वह अस्पताल से फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुजगहन थाना प्रभारी ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मामले की जांच जारी है।

Live Cricket Info


