CG News: – जनदर्शन में फरियादों की लंबी कतार! सिंचाई, मुआवजा, बिजली से लेकर उज्ज्वला तक के मामले; कलेक्टर-एसएसपी ने सुनी पीड़ा

CG News:- बिलासपुर के जनदर्शन में मंगलवार को समस्याओं का सिलसिला कुछ ऐसा रहा कि हर फरियादी अपनी अलग परेशानी लेकर पहुंचा। किसी के खेत को सिंचाई की जरूरत है, तो किसी का बारिश में आशियाना उजड़ गया। कोई अधिग्रहित जमीन का मुआवजा मांग रहा था, तो कोई उज्ज्वला योजना और धान पर्ची की गड़बड़ी लेकर पहुंचा। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने फरियादियों की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। जिला कार्यालय में हुए जनदर्शन में शहरी और ग्रामीण इलाकों से लोग निजी और सामुदायिक समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने लोगों की बातें सुनीं और अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल और अपर कलेक्टर डॉ. ज्योति पटेल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।
सिंचाई की मांग लेकर पहुंचे सरपंच
ग्राम पंचायत भैसाझार के सरपंच ने गांव में उद्वहन सिंचाई योजना का लाभ दिलाने के लिए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि इलाके के किसानों को सिंचाई सुविधा की जरूरत है और योजना मिलने से खेती-किसानी में काफी सहूलियत होगी।
खराब बिजली केबल से लेकर मकान क्षति तक की शिकायत
तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत लाखासार के सरपंच ने क्षतिग्रस्त विद्युत केबल की समस्या बताई और जल्द काम कराए जाने की मांग की। वहीं रतनपुर तहसील के ग्राम बारीडीह निवासी कार्तिक राम यादव बारिश से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए अपने मकान की मरम्मत के लिए मुआवजा सहायता मांगने पहुंचे।
कार्तिक राम यादव ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। तेज बारिश में उनका मकान जर्जर होकर गिर गया, जिसके बाद परिवार को टूटे हुए मकान में रहने की मजबूरी है। उन्होंने नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की।
बेटे की मौत के बाद भी नहीं मिली बीमा राशि
संतोष कुमार लोनिया ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत दुर्घटना बीमा योजना की लंबित राशि दिलाने की मांग की। आवेदन के मुताबिक उनके पुत्र की 23 दिसंबर 2024 को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। दस्तावेज और जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक बीमा राशि नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग और न्यायालय से भी पत्राचार किया जा चुका है और 5 लाख रुपये की बीमा राशि जल्द दिलाने की मांग की है।
एनएच-45 के लिए ली जमीन, मुआवजा अब भी बाकी
ग्राम बारीडीह के अनुराग कुमार जायसवाल ने एनएच-45 निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि, मकान और बाउंड्रीवाल के मुआवजे की राशि दिलाने की मांग की। आवेदन में उन्होंने बताया कि उनकी स्वामित्व एवं आधिपत्य वाली भूमि पर मकान और बाउंड्रीवाल है, जिसे सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित किया गया है। उन्होंने लंबित मुआवजा राशि जल्द दिलाने का आग्रह किया।
उज्ज्वला कनेक्शन और धान पर्ची की भी शिकायत
चिंगराजपारा की श्रीमती गनेशिया मानिकपुरी ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में गैस कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि ऑफलाइन आवेदन के बाद उनका नाम आवंटन सूची में भी आया, लेकिन अब तक योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
वहीं सकरी तहसील के केकराड़ निवासी शिवकुमार ध्रुव ने धान पर्ची में नाम नाबालिग दर्ज होने की समस्या बताई। उन्होंने कहा कि उनके पिता के नाम दर्ज भूमि संबंधी रिकॉर्ड में उनका नाम नाबालिग के रूप में दर्ज है, जिससे परेशानी हो रही है। उन्होंने जांच कर धान पर्ची में जरूरी सुधार कराने की मांग की।
अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश। 
जनदर्शन में सामने आई समस्याओं को सुनने के बाद कलेक्टर और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में पहुंचे लोगों को उम्मीद है कि जिन शिकायतों के समाधान के लिए वे जिला कार्यालय पहुंचे हैं, उन पर अब कार्रवाई जमीन पर भी दिखाई देगी।
Live Cricket Info


