
CG Teacher News:- प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था सुधारने और बच्चों के भविष्य को संवारने के दावे खूब होते हैं, खैर दावे अपनी जगह हैं, लेकिन जमीन पर तस्वीर कई बार इन दावों को आईना दिखा देती है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में नशे में स्कूल पहुंचने, बच्चों के सामने हंगामा करने और स्कूल परिसर में शराब पीने के मामले सामने आ चुके हैं। सूरजपुर में भी ऐसे मामले सामने आए हैं, वहीं बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, सरगुजा और गरियाबंद से भी ऐसी घटनाओं की खबरें सामने आई हैं। ऐसे में सवाल यही है—जब गुरुजी ही नशे में लड़खड़ाएं, तो बच्चों के भविष्य की निगरानी आखिर कौन करेगा?
सूरजपुर। सूरजपुर से शिक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा करने वाला एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल वीडियो में एक शिक्षक कथित तौर पर नशे की हालत में स्कूल पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। शिक्षक दीवार का सहारा लेते हुए लड़खड़ाते कदमों से क्लास रूम की तरफ बढ़ते हैं और कुछ देर बाद बच्चों के लिए बिछाई गई टाटपट्टी पर जाकर सो जाते हैं।
वीडियो शासकीय प्राथमिक शाला त्रिपुरेश्वरपुर का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षक पहले दीवार पकड़कर खड़े नजर आते हैं। इसके बाद वह गुमसुम और लड़खड़ाते कदमों से क्लास रूम की ओर जाते दिखाई देते हैं। कक्षा के भीतर चार से पांच छोटे बच्चे नजर आ रहे हैं। एक बच्चा टाटपट्टी पर बैठा है और शिक्षक वहीं जाकर बच्चों के बीच सो जाते हैं।
नशे में धुत शिक्षक का इस तरह स्कूल पहुंचना और मासूम बच्चों के बीच जाकर सो जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। बच्चों की सुरक्षा और देखरेख के साथ स्कूल में अध्ययन-अध्यापन कराना शिक्षक और स्टाफ की जिम्मेदारी है। छुट्टी के दौरान बच्चे सुरक्षित घर की तरफ जा रहे हैं या नहीं, यह देखना भी इसी जिम्मेदारी का हिस्सा है। ऐसे में निगरानी और देखरेख करने वाला शिक्षक ही जब शराब के नशे में नजर आए, तो स्कूल में पढ़ाई और व्यवस्था की तस्वीर का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।
लगातार मिल रही शिकायतें
शराब के नशे में शिक्षकों के स्कूल आने के अलावा स्कूल कैम्पस में बने कमरों में बैठकर शराब पीने की शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं। ऐसे मामलों के वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लगातार वायरल हो रहे हैं। अब त्रिपुरेश्वरपुर स्कूल से सामने आए इस वीडियो ने एक बार फिर स्कूलों में शिक्षकों की निगरानी और जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Live Cricket Info

