
नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में बड़ी कार्रवाई, मोबाइल लोकेशन ने खोली आरोपी की छिपने की जगह
बिलासपुर। शादी का सपना दिखाकर नाबालिग युवती का शारीरिक शोषण करने, उससे डेढ़ लाख रुपए ऐंठने और बाद में जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए आरोपी को रतनपुर पुलिस ने आखिरकार राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। महिला संबंधी गंभीर अपराध में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की तकनीकी निगरानी और लगातार दबिश का बड़ा परिणाम माना जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद फिरोज (32) पिता मोहम्मद सुजान निवासी गौसीखान थाना कुष्मी जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), हाल मुकाम रानीगांव थाना रतनपुर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपी रानीगांव में टायर दुकान संचालित करता था।
2023 से चल रहा था शोषण का सिलसिला
थाना रतनपुर में 9 अप्रैल 2026 को दर्ज शिकायत में पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2023 से उसे शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी अलग-अलग जरूरतों और परेशानियों का हवाला देकर उससे करीब 1 लाख 50 हजार रुपए भी ले चुका था।
पीड़िता के अनुसार जब उसने शादी करने की बात कही तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के बाद रतनपुर थाना में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होते ही दुकान छोड़कर फरार हुआ आरोपी
एफआईआर दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी अचानक गायब हो गया और अपनी दुकान बंद कर फरार हो गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई।
मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग से राजस्थान तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने आरोपी के मोबाइल लोकेशन और तकनीकी इनपुट के आधार पर लगातार निगरानी रखी। कई राज्यों में लोकेशन बदलते हुए आरोपी आखिरकार राजस्थान में ट्रेस हुआ, जहां से रतनपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बिलासपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
टीमवर्क और तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
पूरी कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस एवं थाना प्रभारी अंशिका जैन, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, आरक्षक आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला अपराधों में फरार आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Live Cricket Info

