CG News: ‘चेतना अभियान’ का नया आयाम, छात्राओं को मासिक धर्म, साइबर सुरक्षा और आत्मरक्षा का मिला पाठ

बिलासपुर पुलिस और नागरिक संगठनों की पहल, तखतपुर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
कलेक्टर संजय अग्रवाल और डीआईजी-एसएसपी रजनेश सिंह ने छात्राओं को दिया आत्मविश्वास, स्वास्थ्य और सुरक्षा का संदेश
बिलासपुर। पुलिस का काम केवल अपराधियों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक करना भी उसकी जिम्मेदारी है। इसी सोच के साथ बिलासपुर पुलिस ने अपने ‘चेतना अभियान’ के तहत एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए तखतपुर के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में “मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और आत्मसशक्तिकरण के प्रति जागरूक बनाना था।
स्वास्थ्य से लेकर सामाजिक भ्रांतियों तक खुलकर हुई चर्चा
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार, स्वास्थ्य सुरक्षा और इस विषय से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि मासिक धर्म महिलाओं के जीवन की एक सामान्य और प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इसे लेकर झिझक या मिथकों के बजाय सही जानकारी और स्वच्छता पर ध्यान देना जरूरी है।
कलेक्टर ने कहा- स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों जरूरी
मुख्य अतिथि कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों का समग्र विकास केवल पढ़ाई से नहीं बल्कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता से भी होता है। उन्होंने किशोरियों से स्वास्थ्य, शिक्षा और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। डीआईजी-एसएसपी रजनेश सिंह ने दिया आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने छात्राओं को आत्मविश्वासी, सजग और निर्भीक बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और पुलिस से मदद लेने के तरीकों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
‘चेतना अभियान’ के आठों आयामों पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर पुलिस ने सड़क सुरक्षा, साइबर फ्रॉड, महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध, नशे की लत, मोबाइल एडिक्शन, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा सहित चेतना अभियान के सभी आठ आयामों पर विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का भी संदेश दिया गया।
छात्राओं को बांटी गई शैक्षणिक सामग्री
कार्यक्रम में मिडिल स्कूल की छात्राओं को कॉपी, पेन, पेंसिल सहित विभिन्न शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली छात्राओं, संस्था प्रमुखों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
यातायात नियमों के पालन का लिया संकल्प
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी देते हुए छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने छात्राओं को बिलासपुर यातायात पुलिस का ‘ब्रांड एंबेसडर’ बनकर जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद तखतपुर की अध्यक्ष डॉ. पूजा मक्कड़ ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, आर्यन फिल्म के प्रतिनिधि, पूर्व यातायात एसआई उमाशंकर पाण्डेय, प्रभारी प्राचार्य जितेंद्र शुक्ला, जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
Tags: #BilaspurPolice #ChetnaAbhiyan #MenstrualAwareness #Bilaspur #Takhatpur #RajneshSingh #SanjayAgrawal #WomenEmpowerment #CyberSafety #RoadSafety #CGNews #NyaydhaniNews

Live Cricket Info

