CG News: – मरीज तड़पता रहा, दोस्त करता रहा ड्रेसिंग… कोरबा मेडिकल कॉलेज का VIDEO बना सिस्टम पर सवाल अस्पताल में स्टाफ मौजूद या सिर्फ कागजों में? वायरल वीडियो ने खोली लापरवाही की परतें

CG News: – छत्तीसगढ़ के कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लापरवाही का मामला सामने आया है। पथरी ऑपरेशन के बाद मरीज अपने दोस्त के साथ ड्रेसिंग कराने पहुंचा था। लेकिन ड्रेसिंग रूम में काफी देर तक कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। इस दौरान मरीज के दोस्त ने ही ड्रेसिंग कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है और व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
korba:- कोरबा स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। एक वायरल वीडियो में पथरी ऑपरेशन के बाद मरीज का ड्रेसिंग उसके दोस्त द्वारा किए जाने का दृश्य सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
ऑपरेशन के बाद ड्रेसिंग के लिए पहुंचा मरीज, नहीं मिला स्टाफ
जानकारी के अनुसार रामपुर निवासी हुकुम कुमार का कुछ दिन पहले कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद टांकों में दर्द और असुविधा बढ़ने पर वह अपने दोस्त चंदन कुमार के साथ ड्रेसिंग कराने अस्पताल पहुंचे थे।
ड्रेसिंग रूम में काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद मेडिकल स्टाफ मौके पर उपलब्ध नहीं था। इसी दौरान मरीज के दोस्त ने स्वयं ड्रेसिंग करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
वीडियो हुआ वायरल, अस्पताल प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना का किसी व्यक्ति द्वारा वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सह अधीक्षक का बयान – “स्टाफ मौजूद था, मना भी किया गया था”
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सह अधीक्षक रविकांत जाटवर ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर प्रारंभिक जांच की गई है। उनके अनुसार ड्रेसिंग रूम में स्टाफ मौजूद था और मरीज के साथी को ड्रेसिंग करने से मना भी किया गया था, इसके बावजूद उसने स्वयं ड्रेसिंग कर दी।
व्यवस्था पर उठे सवाल, जवाब तलाश में प्रशासन
इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि ड्रेसिंग रूम में स्टाफ मौजूद था, तो मरीज को इंतजार क्यों करना पड़ा, और यदि स्टाफ ने रोका था तो वीडियो में स्थिति को लेकर अलग तस्वीर क्यों सामने आई—ये प्रश्न अब जांच के केंद्र में हैं।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन पूरे मामले की जांच की बात कह रहा है।
Live Cricket Info


