सुशासन शिविर में ढोल-नगाड़ों के साथ विरोध प्रदर्शन, कॉलेज और सहकारी बैंक की मांग तेज

सुशासन शिविर में ढोल-नगाड़ों के साथ विरोध प्रदर्शन, कॉलेज और सहकारी बैंक की मांग तेज
कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मिठू नवागांव में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन शिविर के दौरान ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व जनपद अध्यक्ष संदीप शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण ढोल-नगाड़ों और मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर शिविर स्थल पहुंचे तथा सरकार विरोधी नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान संदीप शुक्ला ने आरोप लगाया कि सरकार गांवों में बिना मांग के शराब दुकानें खोल रही है, जबकि लंबे समय से कॉलेज और सहकारी बैंक जैसी आवश्यक सुविधाओं की मांग के बावजूद कोई पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों के साथ लगातार उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं की शिक्षा और विकास प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कॉलेज खोलने की घोषणा पर अमल नहीं हुआ। ऐसे में आम जनता द्वारा दिए जा रहे आवेदनों के निराकरण पर भी सवाल खड़े होते हैं।
संदीप शुक्ला ने सुशासन शिविरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री ईंधन बचाने और “वर्क फ्रॉम होम” की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर अधिकारी बड़ी संख्या में वाहनों के साथ शिविरों में पहुंचकर ईंधन की बर्बादी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी अपने कार्यालयों में ईमानदारी और जिम्मेदारी से कार्य करें, तो ऐसे शिविरों की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, एसडीओपी नूपुर उपाध्याय, तहसीलदार रोशन साहू सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे। प्रशासन को पूर्व में अमने और बहेरा मुड़ा ग्राम में हुए विरोध प्रदर्शनों जैसी स्थिति दोबारा बनने की आशंका थी।
प्रदर्शन के दौरान सौंपे गए ज्ञापन में मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार कॉलेज खोलने, बेलगहना में सहकारी बैंक शाखा शुरू करने, किसानों को भू-अर्जन प्रकरण का मुआवजा देने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने तथा आवास निर्माण कार्य हेतु रेत मुफ्त उपलब्ध कराने जैसी मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर आगे भी आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई।
इस प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी उद्देश्य, आशीष मिश्रा, मनोज बाजपेई, हैप्पी गुप्ता, शिवदत्त पाण्डेय, रवि प्रताप सिंह, मोनू दास मानिकपुरी, डॉ. ए.के. राय, भुवन पटेल, कपिल जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Live Cricket Info



