Ratanpur Accident:-बड़े भाई के सामने बस की चपेट में आया छात्र,अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम,ड्राइवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

Ratanpur Accident:-रतनपुर के सांधीपारा में स्कूल जा रहे साइकिल सवार छात्र को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
Ratanpur रतनपुर थाना क्षेत्र के सांधीपारा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में सातवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार बस की टक्कर से घायल छात्र को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसा उसके बड़े भाई के सामने हुआ, जो उसके पीछे साइकिल से स्कूल जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, सांधीपारा निवासी किसान रामकिशोर पटेल का पुत्र जयंत पटेल भेड़मुड़ा स्थित स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह साइकिल से स्कूल के लिए निकला था। उसके पीछे उसका बड़ा भाई अनंत पटेल भी साइकिल से जा रहा था।

सांधीपारा पेट्रोल पंप के पास जयंत सड़क पार कर रहा था, तभी रतनपुर से पाली की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर पास की बाड़ी में जा घुसी।
घटना के बाद बस का चालक और क्लीनर यात्रियों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पीछे आ रहे भाई अनंत ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को बाइक से रतनपुर अस्पताल ले गए।
रतनपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छात्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिम्स रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है।
मामले में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Live Cricket Info


